समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य कराना सुनिश्चित करें - डहरिया

समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य कराना सुनिश्चित करें - डहरिया

रायपुर
नगरीय प्रशासन और श्रम मंत्री डॉ. शिवकुमार डहरिया ने बिलासपुर नगर निगम के अधिकारियों की बैठक लेकर विभागीय काम-काज की समीक्षा की। डॉ. डहरिया ने बैठक में कहा कि समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य कराना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने शहरी क्षेत्रों के रहवासियों को बिजली, पानी, सड़क और स्वच्छता जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए आदि अधिकारियों को लगातार स्थल पर जाकर निरीक्षण करने तथा अवलोकन करने के निर्देश दिए।

डॉ. डहरिया ने समीक्षा बैठक के पहले नगर निगम बिलासपुर के विभिन्न वार्डों में घूम-घूमकर विभागीय योजनाओं की प्रगति और निमार्णाधीन विकास कार्यों का निरीक्षण भी किया।

नगरीय प्रशासन मंत्री ने नगर निगम में बजट उपलब्धता, राजस्व वसूली, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, वार्ड कार्यालय, गोठान, पट्टा वितरण, डी.एम.एफ. के कार्य, सफाई व्यवस्था, ओवरब्रिज निर्माण, स्मार्ट सिटी एवं सिवरेज के कार्यो की समीक्षा की। बैठक में बताया गया कि नगर निगम में 115 करोड़ रूपए का बजट उपलब्ध है। वर्तमान में फंड की समस्या नहीं है। नगर निगम क्षेत्र में 1077 कार्य स्वीकृत हुए हैं। इनमें से ज्यादातर कार्य आवास निर्माण के हैं। राजस्व वसूली के लिए लोगों को फोन एवं एस.एम.एस. के माध्यम से सूचना दी जा रही है।

ताकि वे समय पर टैक्स जमा करें। राजस्व वसूली के संबंध में कलेक्टर डॉ. संजय अलंग ने सुझाव दिए कि फोन एवं एस.एम.एस. के साथ ही बिल भी उपलब्ध कराएं तो ज्यादा कारगर सिद्ध हो सकता है। अधिकारियों ने बताया कि पेयजल हेतु अमृत मिशन के तहत 27 किलोमीटर पाइप लाइन बिछाया जाएगा। अभी तक 16.8 किलोमीटर पाइप लाइन बिछाया जा चुका है। डॉ. डहरिया ने मुख्यमंत्री वार्ड कार्यालय योजना की स्थिति का भी जायजा लिया। उन्होंने वार्डों में आम लोगों से मिलकर वार्ड कार्यालय में समस्याओं के निराकरण की स्थिति को जाना और लोगों की समस्याएं भी सुना।