हेमंत करकरे की बेटी ने कहा- प्रज्ञा के बयान को तवज्जो नहीं देना चाहती
भोपाल
मध्य प्रदेश की भोपाल लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी की प्रत्याशी प्रज्ञा ठाकुर ने बीते दिनों 26/11 हमले में शहीद हुए हेमंत करकरे की शहादत पर विवादित टिप्पणी की थी. प्रज्ञा की विवादित टिप्पणी पर हेमंत करकरे की बेटी जुई नवारे ने कहा कि, 'मैं उनके बयान को तवज्जो नहीं देना चाहती. मेरे पिता ने हमें सिखाया है कि आंतकवाद का कोई धर्म नहीं होता.'
अंग्रेजी अखबार द इंडियन एक्सप्रेस से जुई ने कहा कि, 'मैं सिर्फ हेमंत करकरे के बारे में बात करुंगा. वह रोल मॉडल थे और उनका नाम सम्मान के साथ लिया जाना चाहिए.' जुई ने कहा कि उनके पिता ने उन्हें सिखाया है कि आतंकवाद का कोई धर्म नहीं होता.
बता दें 26/11 हमले के बाद पहली बार जुई सामने आईं. एंटी टेरर स्क्वॉड के मुखिया रहे करकरे 26/11 के हमले में शहीद हो गये थे. उन्हें मरणोपरांत अशोक चक्र से सम्मानित किया गया था.
जुई ने कहा कि 'पिता के लिए देश पहली जिम्मेदारी थी. वह अपनी वर्दी से प्यार करते थे और उसे अपनी और हमारी जिन्दगी से पहले तवज्जो देते थे. मैं सिर्फ इतना चाहती हूं कि हर कोई इसे याद रखे.'
बता दें भोपाल में एक प्रेस वार्ता के दौरान प्रज्ञा ठाकुर ने कहा था कि 26/11 हमले में शहीद हुए करकरे को उनके कर्मों की सजा मिली. उनके कर्म ठीक नहीं थे, इसलिए उन्हें संन्यासियों का श्राप लगा था. प्रज्ञा ने कहा था, 'जिस दिन मैं जेल गई थी उसके 45 दिन के अंदर ही आतंकियों ने उसका अंत कर दिया.' प्रज्ञा ठाकुर के इस बयान के बाद चुनाव आयोग ने उन्हें नोटिस भेजा था.
bhavtarini.com@gmail.com 
