'गांधी-नेहरू परिवार के बिना कांग्रेस चलाना मुश्किल'

'गांधी-नेहरू परिवार के बिना कांग्रेस चलाना मुश्किल'

कोलकाता

लोकसभा में कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी ने शनिवार को कहा कि गांधी-नेहरू परिवार से बाहर के किसी व्यक्ति का पार्टी चला पाना काफी मुश्किल है। उन्होंने इसकी वजह बताते हुए कहा कि गांधी-नेहरू परिवार ही कांग्रेस की ब्रांड इक्विटी हैं।

महत्व खो देंगे क्षेत्रीय दल: चौधरी ने कहा कि कांग्रेस जैसी मजबूत विचारधारा वाली पार्टी जिसकी हर जगह पहुंच है, भाजपा के सांप्रदायिक रथ को रोक सकती है। क्षेत्रीय दल जैसे काम कर रहे हैं, वे आने वाले दिनों में अपना महत्व खो देंगे। उनके महत्व खोने का मतलब है कि देश द्विध्रुवी राजनीति की ओर बढ़ जाएगा। द्विध्रुवी राजनीति की स्थिति उत्पन्न होने से हम दोबारा सत्ता में आ सकते हैं।

सोनिया अध्यक्ष पद नहीं ग्रहण करना चाहती थीं: कांग्रेस नेता ने कहा कि सोनिया गांधी पार्टी की डोर हाथ में नहीं लेना चाहती थी लेकिन राहुल गांधी के इस्तीफा देने के बाद संगठन को संकट में देख उन्होंने वरिष्ठ पदाधिकारियों का अनुरोध स्वीकार कर लिया। चौधरी ने कहा,  सोनिया गांधी ने संकट के समय में पार्टी की बागडोर संभाली।