जिस तरह राजनीतिक विचारधारा बदली, उस तरह तो धर्म परिवर्तन भी नहीं होता-राशिद अल्वी

जिस तरह राजनीतिक विचारधारा बदली, उस तरह तो धर्म परिवर्तन भी नहीं होता-राशिद अल्वी

भोपाल
बीजेपी के सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया को लेकर कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के बयान पर मचे घमासान के बीच एक और कांग्रेस नेता ने उन पर तंज कसा है। लोकसभा और राज्यसभा के सदस्य रह चुके कांग्रेस नेता राशिद अल्वी ने कहा है कि सिंधिया जिस तरह कांग्रेस छोड़ कर गए, उस तरह तो धर्म परिवर्तन भी नहीं होते।


राशिद अल्वी ने मंगलवार को कहा कि कांग्रेस पार्टी ने ज्योतिरादित्य सिंधिया को बहुत कुछ दिया। उन्हें मंत्री बनाया। कांग्रेस और बीजेपी की विचारधारा में जमीन-आसमान का फर्क है। एक रात में विचारधारा का परिवर्तन नहीं होता। इस तरह धर्म परिवर्तन भी नहीं होता जिस तरह वे कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में गए।

इससे पहले सोमवार को राहुल गांधी ने सिंधिया को बीजेपी में बैकबेंचर बताते हुए कहा था कि कांग्रेस में होते तो वे अब तक मुख्यमंत्री बन चुके होते। राहुल ने यह दावा भी किया कि सिंधिया को कांग्रेस में लौटना होगा। राहुल के बयान के बाद से ही इस मुद्दे पर राजनीति लगातार गरमाई हुई है।