पाकिस्तान में हिंदू लड़के को पहले पीटा फिर 'अल्लाह हू अकबर' कहने के लिए किया मजबूर
नई दिल्ली
पाकिस्तान के सिंध प्रांत में एक हिंदू लड़के को पहले पीटा गया और अपने धर्म से जुड़े देवी-देवताओं को अपशब्द कहने के लिए मजबूर किया गया। सरेआम लड़के के साथ हुई इन नाइंसाफी का वीडियो भी हाल ही वायरल हुआ था। अब यहां पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर कार्रवाई की है। हिंदू लड़के को थप्पड़ मारने, उसे अपने धार्मिक देवी देवताओं को अपशब्द कहने व उनका मजाक उड़ाने के लिए मजबूर करने पर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मंगलवार को बताया कि घटना के एक कथित वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद आरोपी को गिरफ्तार किया गया। वीडियो में थार कोयला परियोजना में काम करने वाले मुकेश भील नामक लड़के को आरोपी से गिड़गिड़ाते और छोड़ने का अनुरोध करते हुए देखा जा सकता है। कथित वीडियो में आरोपी पीड़ित को थप्पड़ मार रहा है और अपशब्द कह रहा है। इसके अलावा वह लड़के को अपने देवी-देवताओं को अपशब्द कहने को कह रहा है। वीडियो में आरोपी लड़के पर अल्लाह हू अकबर कहने का भी दबाव बना रहा है।
घटना का वीडियो सोमवार को वायरल होने के बाद से आरोपी फरार हो गया था लेकिन थारपारकर में मीठी पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए अब्दुल सलाम अबू दाऊद नामक आरोपी को बदिन जिले के खोस्की से गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि वीडियो कब बनाया गया लेकिन मीठी पुलिस थाने के प्रभारी मुहम्मद सूमर ने कहा कि दाऊद ने मीठी से लगभग पांच-छह किलोमीटर दूर छुट्टन शाह के पास भील को बीच सड़क पर रोका और उसे थप्पड़ मारा। अधिकारी ने कहा कि आरोपी ने भील को गले से पकड़ा और उसे अपने देवी देवताओं को अपशब्द कहने पर मजबूर किया। वीडियो वायरल होने के बाद सिंध सरकार ने इसका संज्ञान लिया और पुलिस को आरोपी को गिरफ्तार करने का निर्देश दिया। जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ा है।
bhavtarini.com@gmail.com 
