पुलिस मुख्यालय में सेवानिवृत्त डी.आई.जी. डी.एल. मनहर को भावभीनी विदाई
रायपुर
पुलिस मुख्यालय अटल नगर रायपुर में आज पुलिस अधिकारियों द्वारा उप पुलिस महानिरीक्षक श्री डी.एल.मनहर को सेवानिवृत्ति उपरांत भावभीनी विदाई दी गई। श्री मनहर लगभग 32 वर्ष की पुलिस सेवा के बाद अधिवार्षिकी आयु पूर्ण कर कल 31 मई 2019 को सेवानिवृत्त हुए। पुलिस मुख्यालय में आज आयोजित विदाई समारोह में विशेष पुलिस महानिदेशक श्री आर.के.विज ने कहा कि श्री मनहर की पुलिस विभाग में सेवाओं से पुलिस अधिकारियों को प्रेरणा लेनी चाहिए। इन्होंने एकीकृत मध्यप्रदेश के चुनौतीपूर्ण स्थानों सहित छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों और विभिन्न स्थानों पर अपनी सेवाएं दी है। श्री मनहर ने अपनी निष्ठा और लगन से पुलिस विभाग में सफलतम कार्यकाल व्यतीत किया है और अपने अधीनस्थ कर्मचारियों के कल्याण के क्षेत्र में अच्छे प्रयास किए है, इनकी सेवाओं को पुलिस विभाग सदैव याद रखेगा और सेवानिवृत्ति के बाद भी विभाग श्री मनहर और उनके परिजनों के साथ रहेगा।
विशेष पुलिस महानिदेशक संजय पिल्ले ने कहा कि श्री मनहर अपने मृदुभाषी, सहज और सरल व्यक्तित्व के साथ योग्य पुलिस अफसर के रूप में सदैव याद किए जाएंगे। कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों ने स्मृति चिन्ह प्रदान कर श्री मनहर को सम्मानित किया। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक श्री पवन देव, श्री अशोक जुनेजा, पुलिस महानिरीक्षक श्री दीपांशु काबरा सहित पुलिस मुख्यालय के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।
bhavtarini.com@gmail.com 