पूर्णिया में घर पर गिरी आकाशीय बिजली, महिला समेत एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत

पूर्णिया में घर पर गिरी आकाशीय बिजली, महिला समेत एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत

पूर्णिया 
पूर्णिया के धमदाहा थाना क्षेत्र अंतर्गत सिंघाड़ापट्टी गांव के तिलंगवा टोला में रविवार सुबह ठनका गिरने से एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गयी। मृतकों में कैलाश मंडल, निभा देवी और दिलखुश कुमार शामिल हैं।

 बताया जाता है कि सभी लोग घरों में ही बैठे थे। इसी दौरान ठनका गिरने से तीनों की मौत हो गयी। घटना की जानकारी पाकर धमदाहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घटना के बाद से समूचे गांव में कोहराम मचा हुआ है। धमदाहा के अंचलाधिकारी ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि रविवार के करीब दस बजे की घटना है। ठनका गिरने से एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गयी है।

 मधेपुरा के चौसा में  बारिश के दौरान घर पर ठनका गिरने से लगी आग में झुलसने से एक महिला की मौत हो गई। मृतक महिला की पहचान चौसा पश्चिमी पंचायत के वार्ड सात निवासी अंबिका पासवान की पत्नी अरूला देवी (50) के रूप में की गई है। घटना रविवार की दोपहर करीब साढ़े बारह बजे चौसा पश्चिमी पंचायत के वार्ड दस के जबनी दास टोला की बताई जा रही है। घटना के बाद सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।

बताया गया कि चौसा पश्चिमी पंचायत के वार्ड सात में रविवार की दोपहर साढ़े 12 बजे अरूला देवी के पति अंबिका पासवान घरेलू समान खरीदने बजार गये थे। इसी दौरान बारिश के साथ घर पर अचानक ठनका गिर गया। खरपतवार से बने घर पर ठनका गिरने से घर में आग लग गई। घर में सो रही अंबिका पासवान की पत्नी अरूला देवी की आग में झुलसने से घटनास्थल पर ही मौत हो गई। थानाध्यक्ष जय प्रकाश ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है।