बाढ़ का कहर: पटना की 30 पंचायतें बाढ़ से प्रभावित, लोग परेशान
पटना
गंगा, सोन और पुनपुन नदियों के जलस्तर में वृद्धि से जिले की 30 पंचायतें बाढ़ प्रभावित हो गई हैं। सबसे अधिक बाढ़ अनुमंडल में इसका प्रकोप है। लोगों को गांवों से निकलने में परेशानी हो रही है।
बाढ़, मोकामा, अथमलगोला, बख्तियारपुर, फतुहा, पटना सदर, दानापुर और मनेर ब्लॉक के करीब एक लाख से अधिक लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। जिसे देखते हुए प्रशासन ने 78 नाव एवं मोटरवोट को गंगा नदी में उतारा है ताकि लोग घरों से निकटवर्ती बाजारों में जा सके। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें भी नदियों में लगातार गश्त कर रही हैं।
मंगलवार को डीएम कुमार रवि ने जल संसाधन, आपदा प्रबंधन और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ प्रभावित इलाकों का दौरा किया। बाढ़ के कारण पशु भी बीमार होने लगे हैं। इसीलिए डीएम ने बख्तियापुर में पशुओं के उपचार के लिए कैंप लगवाया है।
स्थानीय लोगों से कहा गया है कि बीमार पशुओं को कैंप में लाकर उपचार कराएं। इधर, सिविल सर्जन की ओर से भी मेडिकल टीम गांवों का दौरा कर रही है। बाढ़ प्रभावति क्षेत्रों में अब तक लोगों को 846 पालीथिन शीड्स वितरित किया गया है। 36 स्वयंसेवकों को सबसे अधिक प्रभावित गांवों में लगाया गया है।