बेऊर जेल गेट पर कैदी के बैग से पिस्टल की मैग्जीन बरामद, होमगार्ड जवान गिरफ्तार, कक्षपाल सस्पेंड

बेऊर जेल गेट पर कैदी के बैग से पिस्टल की मैग्जीन बरामद, होमगार्ड जवान गिरफ्तार, कक्षपाल सस्पेंड

पटना 
आदर्श केंद्रीय कारा बेऊर में पिस्टल की मैग्जीन ले जाने की कोशिश की गयी। हालांकि, उसे जेल के भीतर जाने से पहले ही पकड़ लिया गया। इसके बाद जेल अधीक्षक जितेंद्र कुमार ने कई जवानों और जेलकर्मियों पर कार्रवाई की है। जिस बंदी मंटू गोप के थैले में मैग्जीन आया था उसे लाने वाले होमागार्ड जवान देवेंद्र यादव उर्फ चवन्नी को गिरफ्तार कर लिया गया। उस पर बेऊर थाने में केस दर्ज किया गया है। 

इसके अलावा जेल गेट पर लापरवाही बरतने वाले कक्षपाल संजय सिंह को सस्पेंड कर दिया गया है। वहीं जेल गेट पर तैनात एक और होमगार्ड जवान चंद्रमौली सिंह को ड्यूटी से हटा दिया गया है। उसकी बर्खास्तगी के लिये जेल प्रशासन ने होमगार्ड मुख्यालय को पत्र लिखा है। बंदी मंटू पर भी केस दर्ज किया गया है। 

आर्म्स एक्ट के आरोपित के बैग में मिली मैग्जीन 
आर्म्स एक्ट के आरोपित के बैग से पिस्टल का मैग्जीन मिला। दरअसल, सोमवार की शाम पांच बजकर 45 मिनट पर कोर्ट से जेल आने वाले बंदियों के सामान की तलाशी ली जा रही थी। इसी बीच जेल में तैनात कक्षपाल संतोष तिवारी ने आमद बंदी मंटू गोप के थैले की तलाशी लेनी शुरू की। इसी बीच थैले में रखे जींस के पॉकेट से 7.65 बोर का एक खाली मैग्जीन बरामद हुआ। मंटू गोप को आलमगंज पुलिस ने आर्म्स एक्ट के मामले में गिरफ्तार कर जेल भेजा था। उसे लेकर होमगार्ड सिपाही देवेंद्र कोर्ट गया फिर वहां से जेल गेट पर पहुंचा। 

सोना लुटेरे से पूछताछ 
पिस्टल और मैग्जीन पहुंचाने को लेकर जेल में कैद सोना लूट के आरोपित सुबोध सिंह से पटना पुलिस ने पूछताछ की। पुलिस को शक था कि सुबोध ने साजिश के तहत मैग्जीन मंगवायी होगी। सूत्रों की मानें तो पूछताछ में ऐसी कोई बात सामने नहीं आयी।