राहुल गांधी की खास हैं ये नेता, फिर मिला मंदसौर से टिकट

राहुल गांधी की खास हैं ये नेता, फिर मिला मंदसौर से टिकट

भोपाल 
लोकसभा चुनाव के लिए मध्य प्रदेश की नौ सीटों पर कांग्रेस ने उम्मीदवारों कि लिस्ट जारी कर दी है. पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह को भोपाल लोकसभा सीट से उम्मीदवार बनाया गया है, जबकि राहुल गांधी की करीबी मानी जाने वाली मिनाक्षी नटराजन को मंदसौर से प्रत्याशी बनाया गया है.

दरअसल, मंदसौर लोकसभा सीट बीजेपी की मजबूत गढ़ मानी जाती है. बीजेपी के दिग्गज नेता रहे लक्ष्मीनारायण पांडे 8 बार यहां से सांसद रह चुके हैं. कांग्रेस को सिर्फ 4 बार यहां जीत मिली है. मीनाक्षी नटराजन 2009 के चुनाव में यहां से जीती थीं. फिर अगले चुनाव में उनको हार मिली और बीजेपी के सुधीर गुप्ता यहां के सांसद बने. अब 2019 के चुनाव में फिर मीनाक्षी नटराजन यहां से चुनाव मैदान में हैं.

मंदसौर चर्चा में इसलिए भी है क्योंकि शिवराज सिंह चौहान के शासनकाल में यहां किसान गोलीकांड हुआ था जिसके बाद शिवराज सरकार की किरकिरी हुई थी. गोलीकांड के बाद से ही मंदसौर में किसान मुद्दा गर्म रहा. इतना ही नहीं कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव प्रचार कि शुरुआत भी इसी मंदसौर से की थी.

  • भोपाल- दिग्विजय सिंह
  • टीकमगढ़- किरण अहिरवार
  • खजुराहो- कविता सिंह
  • शहडोल- प्रमिला सिंह
  • बालाघाट- मधु भगत
  • होशंगाबाद- शैलेन्द्र दीवान
  • मंदसौर - मीनाक्षी नटराजन
  • रतलाम- कांतिलाल भूरिया
  • बेतुल- रामू टेकम

उधर भोपाल सीट पर यह तय माना जा रहा था कि कांग्रेस किसी मजबूत उम्मीदवार को उतारेगी. और मुख्यमंत्री कमलनाथ ने यह संदेश भी दे दिया था कि दिग्विजय सिंह का नाम इस सीट के लिए फाइनल हो गया है. और सूची आते ही इस बात की मुहर भी लग गई है.