व्यापमं घोटाले की फिर खुलेगी फाइल, एसटीएफ की तीन टीम गठित

व्यापमं घोटाले की फिर खुलेगी फाइल, एसटीएफ की तीन टीम गठित

भोपाल
व्यापमं घोटाले (Vyapam scam) का जिन्न एक बार फिर बाहर आने वाला है। व्यापमं घोटाले की लंबित शिकायतों की जांच के लिए स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) की तीन एसआईटी का गठन किया गया है। ये एसआईटी भोपाल, इंदौर और ग्वालियर के एसपी एसटीएफ के नेतृत्व में काम करेंगी। इन्हें कम से कम 60 शिकायतों की जांच का जिम्मा सौंपा गया है। व्यापमं की लंबित शिकायतों की जांच के लिए गृह मंत्री बाला बच्चन ने विधानसभा में ऐलान किया था।

 एसटीएफ के पास ऐसी करीब 197 शिकायतें हैं, जिनकी जांच न तो एसटीएफ कर रही थी और न ही सीबीआई। हालांकि सीबीआई सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर उन्हीं मामलों की जांच कर रही है, जो उसे सौंपे गए हैं। इस कारण व्यापमं की 197 शिकायतें कई सालों से फाइलों में धूल खा रही थीं।

मालवा क्षेत्र संबंधी शिकायतों की जांच एसपी एसटीएफ इंदौर पद्म विलोचन शुक्ला करेंगे। ग्वालियर-चंबल क्षेत्र की शिकायतों पर एसपी एसटीएफ ग्वालियर अमित सिंह कार्रवाई करेंगे। भोपाल एसटीएफ एसपी राजेश सिंह भदौरिया भोपाल, जबलपुर और अन्य क्षेत्रों की शिकायतों की करेंगे। एसआईटी ने अपने-अपने क्षेत्राधिकार के शिकायतकर्ताओंको बुलाना शुरू कर दिया है।