'हरा भोपाल, ठंडा भोपाल', आपका पौधा पहुंचेगा आपके द्वार

'हरा भोपाल, ठंडा भोपाल', आपका पौधा पहुंचेगा आपके द्वार

भोपाल
भोपाल को हरा भरा बनाने के लिए प्रशासन ने कमर कसली है। संभागायुक्त कल्पना श्रीवास्तव की पहल पर शुरू किये जा रहे अभियान 'हरा भोपाल शीतल भोपाल' के तहत शहर में एक जुलाई से बड़े पैमाने पर पौधे रोंपे जाएंगे। इसकी जिम्मेदारी जिला प्रशासन, नगर निगम, बीडीए, सीपीए और वन विभाग के अफसरों को दी गई है। प्रशासन ने शहर में पौधे लगाने के लिए गड्डे खोदना शुरू कर दिए हैं। इसी के साथ घर बैठे पौधे डिलिवर करने की सुविधा भी नागरिकों के लिए शुरू की है। अब आप घर बैठ आनलाइन पौधे खरीद सकते हैं। शहर को फिर से हरा बनाने के लिए संभागायुक्त कल्पना श्रीवास्तव ने हरा भोपाल, शीतल भोपाल अभियान शुरू किया है। जिसके तहत शहर में 11 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य तय किया गया है। 

संभागायुक्त कल्पना श्रीवास्तव ने बताया कि एक जुलाई से शहर में पौधे रोपने काम शुरू किया जाएगा। पौधे रोपने के लिए शहर की पहाड़ियों में गड्ढे खोदने का काम शुरू कर दिया गया है। यहां पौधे रोपने की जिम्मेदारी सरकारी एजेंसियों को दी गई है। लोगों को पौधों की कमी नहीं हो इसके लिए खास इंतज़ाम किए गए हैं। शहर के 550 सांची पार्लर पर पौधों की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा रजिस्ट्री दफ्तर, आरटीओ, नगर निगम के जोन दफ्तर से पौधे ले सकते हैं। पौधे की कीमत सिर्फ दस रुपए प्रति पौधा है। एक बार में दस पौधों से अधिक नहीं खरीद सकते। संभागायुक्त ने नगर निगम अधिकारियोंं को निर्देश दिए हैं कि स्वच्छता मिशन में लगे वालंटियर्स के जरिए घर घर पौधों के आवेदन पहुंचाए जिससे ज्यादा से ज्यादा तादाद में लोगों द्वारा पौधरोपण किया जा सके।

पौधे खरीदी के लिए जो भी ऑर्डर वन विभाग के पास पहुंचेंगे। उनको रहवासियों के घरों तक पहुंचाने की व्यवस्था की जाएगी। आपका पौधा आपके द्वार पहुँचाया जाएगा। इसकी मॉनीटरिंग की जिम्मेदारी सरकारी एजेंसियों को दी गई है।

पौधा मांग पत्र प्राप्त करने व जमा करने के लिए यहाँ संपर्क करें

1. वन मंडल अधिकारी, खेल परिसर 74 बंगला, भोपाल

2. निकटतम सांची पार्लर 

3. नगर निगम के डोर टू डोर कचरा वाहन

या आप इस वेबसाइट www.greenbhopalcoolbhopal.in पर जाकर भी फॉर्म को भर कर सबमिट कर सकते हैं