174 सदस्यो की जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ की नई कार्यकारिणी घोषित

174 सदस्यो की जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ की नई कार्यकारिणी घोषित

रायपुर
2023 में होने वाले विधानसभा चुनाव को देखते हुए जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ ने भी की तैयारी शुरू कर दी है और पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी के समय घोषित कार्यकारिणी को भंग कर जेसीसीजे-2 नाम से 174 सदस्यो वाली नई कार्यकारिणी घोषित कर दी। वहीं 29 अप्रैल को स्व. जोगी के 75वीं वर्षगाठ के अवसर पर इन सदस्यों को शपथ दिया जाएगा।

जनता कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी ने इस कार्यकारिणी को जेसीसीजे-2 नाम दिया है। पार्टी की पहली कार्यकारिणी को पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी के निधन के बाद भंग कर दिया गया था। उसके कई महीने बाद नये सिरे से पार्टी का पुनर्गठन हुआ है। जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ की नई कार्यकारिणी में 32 उपाध्यक्ष, 3 महामंत्री, 10 विभाग अध्यक्ष, 11 महासचिव, 11 संयुक्त महासचिव, 71 सचिव और 23 संगठन मंत्री हैं। उनके अलाव एक मुख्य प्रवक्ता, 5 संभागीय प्रवक्ता, 2 संभागीय कोर कमेटी के अध्यक्ष, 5 संभागीय कोषाध्यक्ष भी बने हैं। पार्टी ने 38 जिलाध्यक्ष और हाल ही में गठित अजीत जोगी मोर्चा संगठनों के 39 पदाधिकारी बनाये हैं। जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी ने कहा कि नवोदित क्षेत्रीय दल होने के नाते हमने अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. रेणु जोगी और विधायक दल के नेता धरमजीत सिंह के मार्गदर्शन में देश का सबसे युवा और सबसे शिक्षित राजनीतिक संगठन बनाने का प्रयास किया है। जेसीसीजे-2 में प्रदेश के सभी क्षेत्रों के अनुसूचित जाति, जनजाति, अति-पिछड़ा वर्ग और आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को अन्य दलों की अपेक्षा 75 प्रतिशत अधिक महत्व दिया गया है। इस कार्यकारिणी में वरिष्ठों और युवाओं का संतुलन भी रखा गया है।

प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी ने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री और संगठन के संस्थापक अध्यक्ष अजीत जोगी जी की 75वीं वर्षगांठ 29 अप्रैल को कार्यकारिणी सदस्यों को विधिवत शपथ दिलाया जाएगा। उन्हें नियुक्ति पत्र दिया जाएगा और छत्तीसगढ़ महतारी की वंदना होगी। यह आयोजन अनुग्रह बंगले में ही होगा। इसी दिन जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ अजीत जोगी की प्रथम पुण्यतिथि 29 मई तक एक महीने का सुरता जोगी माह शुरू करेगा।