भोपाल, राजधानी में पुलिस द्वारा लॉकडाउन का सख्ती से पालन करवाते हुए प्रतिदिन औसतन 77 प्रकरण दर्ज कर किए जा रहे हैं। लॉकडाउन अवधि 22 मार्च से अब तक शासकीय आदेशों के उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कुल 55 दिनों में 4360 मामलें दर्ज किए गए हैं। वहीं, शहर के 35 थाना क्षेत्र में अब तक कुल 203 कंटेनमेंट एरिया में पुलिस द्वारा पैदल पेट्रोलिंग की जा रही है। इन क्षेत्रों में पीपीई किट पहनकर विशेष सावधानी बरतते हुए सीसीटीवी सर्विलांस व्हीकल्स से नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है। साथ ही लाइव वीडियोग्राफी कर कंट्रोल रूम से मॉनिटरिंग की जा रही है।
ड्रोन से मॉनिटरिंग कर शासन के आदेशों का उल्लंघन कर बेवजह घूमने वाले करीब 159 लोगों के विरुद्ध अब तक मामलें दर्ज किए जा चुके है। इसी तरह, पुलिस चेकिंग व पेट्रोलिंग के दौरान बगैर मास्क लगाए बाहर निकलने वाले करीब 452 से अधिक लोगों के विरुद्ध सख्ती से कार्रवाई कर विभिन्न थानों में 118 के तहत मामले दर्ज किए जा चुके है।
लॉक डाउन उल्लंघन प्रकरणों में प्रमुख रूप से अनुचित कारण बेवजह बाहर निकलना, बगैर अनुमति के दुकान खोलना, सब्जी बेचना, दो/चार पहिया वाहन से बेवजह बाहर घूमना, पैदल वॉक करना, बगैर मास्क लगाए बाहर निकलना आदि शामिल है, जिसमें धारा 188, 269 आईपीसी, आबकारी एक्ट, जुआ एक्ट, सट्टा एक्ट, आपदा प्रबंधन अधिनियम की धारा 51बी एवं मोटर व्हीकल एक्ट आदि धाराओं के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किए जाकर वैधानिक कार्रवाई की गई है।