राजस्थान से एकीकृत एएनएम प्रशिक्षण की राष्ट्रीय स्तर पर शुरुआत

राजस्थान से एकीकृत एएनएम प्रशिक्षण की राष्ट्रीय स्तर पर शुरुआत

एएनएम की कार्यक्षमता बढ़ने से आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में होगा सुधार

जयपुर। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत एकीकृत प्रशिक्षण रणनीति के तहत एएनएम के लिए एकीकृत प्रशिक्षण मॉड्यूल के प्रथम रीजनल ट्रेनिंग ऑफ स्टेट ट्रेनर्स का शुभारंभ राजस्थान से किया गया है।

मिशन निदेशक एनएचएम डॉ. जोगाराम ने बताया कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्रणाली संसाधन केंद्र (एनएचएसआरसी) एवं राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, राजस्थान के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह 7 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम 16 से 22 नवम्बर तक उदयपुर के एमबीजीएच नर्सिंग कॉलेज, उदयपुर में आयोजित किया जा रहा है। इस प्रशिक्षण में राजस्थान सहित महाराष्ट्र, गुजरात, हरियाणा, गोवा तथा दादरा एवं नगर हवेली और दमन एवं दीव के कुल 35 प्रतिभागी शामिल हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण का उद्देश्य राज्य स्तर पर प्रशिक्षकों का दक्ष समूह तैयार करना है, जो आगे अपने-अपने राज्यों में जिला स्तर पर एएनएम को प्रशिक्षित करेंगे।

मिशन निदेशक ने बताया कि एकीकृत प्रशिक्षण रणनीति के तहत विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों के अलग-अलग प्रशिक्षणों के स्थान पर एकीकृत एवं कौशल आधारित प्रशिक्षण व्यवस्था विकसित की जा रही है। इससे एएनएम की कार्यक्षमता बढ़ाने के साथ आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के माध्यम से व्यापक प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार होगा।

उन्होंने बताया कि इस प्रशिक्षण मॉड्यूल में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण, परिवार कल्याण, पोषण, गैर संचारी रोगों एवं टीबी की स्क्रीनिंग और फॉलोअप, मानसिक स्वास्थ्य, परामर्श तथा डिजिटल स्वास्थ्य रिपोर्टिंग सहित विभिन्न विषयों को शामिल किया गया है। प्रशिक्षण में ऑनलाइन अध्ययन सामग्री के साथ व्यावहारिक अभ्यास, कौशल प्रदर्शन, केस आधारित चर्चा एवं सिमुलेशन गतिविधियों पर विशेष जोर दिया जा रहा है। प्रशिक्षण के उपरांत एएनएम के कार्यों में दक्षता सुनिश्चित करने के लिए फील्ड स्तर पर सहयोगात्मक पर्यवेक्षण, मार्गदर्शन एवं नियमित समीक्षा की व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि यह पहल प्रदेश सहित देशभर में एएनएम की क्षमता संवर्धन, स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार तथा समुदाय स्तर पर सुलभ एवं समग्र प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।