अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर बीजापुर में हुआ सामूहिक योगाभ्यास
रायपुर, 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिला संसाधन केंद्र (डीपीआरसी) बीजापुर में जिला स्तरीय सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस एवं वन विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों, पुनर्वासित युवाओं तथा बड़ी संख्या में नागरिकों ने सहभागिता कर योग के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक नीलकंठ टेकाम ने दीप प्रज्वलित कर तथा योगाभ्यास में सहभागिता करते हुए कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक विरासत है, जो व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनाता है। उन्होंने नागरिकों से योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील करते हुए कहा कि नियमित योगाभ्यास स्वस्थ, संतुलित और सकारात्मक जीवन की आधारशिला है।
योग तनावमुक्त और स्वस्थ जीवन का प्रभावी माध्यम
विधायक टेकाम ने कहा कि वर्तमान समय की व्यस्त जीवनशैली में योग तनाव को कम करने, रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने और शरीर को स्वस्थ रखने का सरल एवं प्रभावी उपाय है। स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन से ही मजबूत समाज और विकसित राष्ट्र का निर्माण संभव है। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित जनसमूह को नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प भी दिलाया तथा युवाओं से नशे से दूर रहकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।
योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में हुआ सामूहिक अभ्यास
कार्यक्रम में योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास किया। योग के माध्यम से शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक संतुलन और सकारात्मक सोच विकसित करने के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया।
पुनर्वासित युवाओं की सक्रिय सहभागिता बनी प्रेरणा
कार्यक्रम की विशेषता पुनर्वासित युवाओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी रही। युवाओं ने पूरे मनोयोग से योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। उनकी सक्रिय सहभागिता ने कार्यक्रम को और अधिक प्रेरणादायी बना दिया।
अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी किया योगाभ्यास
कलेक्टर विश्वदीप, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमन झा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंद्रकांत गवर्ना, अपर कलेक्टर भूपेन्द्र अग्रवाल, संयुक्त कलेक्टर जागेश्वर कौशल, उत्तम सिंह पंचारी सहित जिला प्रशासन, पुलिस विभाग, वन विभाग तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सहभागिता की।
योग को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने नियमित योगाभ्यास करने तथा अपने परिवार और समाज में योग के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का यह आयोजन स्वास्थ्य, सामूहिक सहभागिता, नशामुक्ति और सकारात्मक जीवनशैली के संदेश के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
bhavtarini.com@gmail.com 