गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान हादसा, 11 की मौत

गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान हादसा, 11 की मौत

मृतकों के परिजनों को सरकार की ओर से चार - चार लाख की अनुग्रह राशि प्रदान की जाएगी

भोपाल, में गणपति विसर्जन के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया है. विसर्जन के लिए गए लोगों से भरी नाव पलट गई है, जिसमें 11 लोगों की मौत हो गई है. बताया जा रहा है कि नाव में कुल 18 लोग सवार थे. सात लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है. घटना भोपाल के खटलापुरा घाट की है. प्रशासन ने 11 शवों को तालाब से निकाल लिया है. जबकि एसडीआरएफ की टीम सात लोगों को सुरक्षित बचाने में कामयाब रही है. मिली जानकारी के मुताबिक, गणपति विसर्जन के दौरान हुए हादसे में शुक्रवार तड़के तीन बजे 11 लोगों की मौत हो गई. मारे गए लोग पिपलानी के 1100 क्वार्टर के रहने वाले बताए जा रहे हैं. नाव पलटने की सूचना मिलते ही प्रशासन के लोग मौके पर पहुंच गए. एसडीआरएफ की टीम ने राहत व बचाव कार्य शुरू कर दिया और 7 लोगों को सुरक्षित बचा लिया. घटना की जानकारी लगते ही जनसंपर्क मंत्री श्री पी सी शर्मा खटला पूरा पहुंचे । उन्होंने कहा कि घटना बहुत दुखद हैं। घटना की विस्तृत जांच कराई जाएगी । पता किया जाएगा कि घटना कैसे हुई । समस्त व्यवस्थाओं के बावजूद कहां कमी रह गई। उन सब तथ्यों का पता लगाया जाएगा और जो भी दोषी पाया जाएगा उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं को रोका जा सके । शर्मा ने बताया कि 06 लोगों को रेस्क्यू कर लिया गया है । राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है।श्री शर्मा ने कहा कि मृतकों के परिजनों को सरकार की ओर से चार - चार लाख की अनुग्रह राशि प्रदान की जाएगी। श्री शर्मा मौके पर रहकर स्वयं स्थिति पर नजर रखे हुए हैं । उन्होंने कहा कि सभी आवश्यक कार्यवाही की जाएगी और परिजनों की हर संभव मदद करेंगे।