महिला चिकित्सक की नृशंस हत्याकांड के विरोध में निकला कैंडल मार्च
मौन जुलूस निकालकर दी श्रद्धांजलि, अपराधियों को मृत्यु दण्ड दिये जाने की मांग
Syed Javed Ali
मण्डला - विगत दिवस हैदराबाद में महिला चिकित्सक के साथ सामूहिक दुष्कर्म कर पेट्रोल डालकर जला देने वाले आरोपियों को फांसी दिये जाने की मांग को लेकर बलिका छात्रावास, सेवा भारती के तत्वावधान में छात्राओं, मातृशक्ति और जागरूक नागरिकों द्वारा नेहरू स्मारक से उदय चौक तक मौन केंडल मार्च निकाला गया। उक्त संबंध में सेवा भारती सचिव ने बताया कि तिलंगाना की राजधानी के निकट सादनगर कस्बे में पशु चिकित्सक डॉ. प्रियंका रेड्डी की रेप के बाद आग लगाकर नृशंस हत्या कर दी गई। उनका जला शव गुरूवार को सादनगर कस्बे के निकट चतनपल्ली पुल पर पाया गया। मीडिया एवं शोसल मीडिया के माध्यम से मानवता को शर्मसार करने वाला जघन्य अपराध की जानकारी प्रसारित होते ही देश में आक्रोश का माहौल बन गया है और सभी ऐसे अमानवीय आरोपियों के विरुद्ध सख्त से सख्त कार्यवाही की मांग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस मामले की फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई कर अपराधियों को फांसी दी जाए जिससे महिलाओं के विरूद्ध अपराध करने वालो के मन में कानून का खौफ पैदा हो सके। कार्यक्रम के उपरांत छात्रावास की बालिकाओं ने थाना प्रभारी को आवेदन देकर छात्रावास क्षेत्र की सुरक्षा बढ़ाये जाने की मांग की। बालिकाओं के आवेदन पर थाना प्रभारी नीलेश दोहरे ने बालिकाओं को सुरक्षा का भरोसा दिलाते हुए अपना मोबाइल नम्बर दिया और कहा कि आवश्यकता पड़ने पर आप कभी भी मुझे बड़ा भाई समझ कर फोन कर सकते हैं।इस अवसर पर सेवा भारतीय कन्या छात्रावास की बालिकाएं, मातृशक्ति, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में आम नागरिक मौजूद रहे।