CM ने दी मंजूरी, सिंगरौली नगर निगम में होंगे 500 करोड़ के काम

CM ने दी मंजूरी, सिंगरौली नगर निगम में होंगे 500 करोड़ के काम

भोपाल
नगर निगमों के पांच साल के रोडमैप के एक्शन प्लान को मंजूरी देने के लिए सीएम शिवराज सिंह चौहान ने नगरीय निकायों का दौरा शुरू कर दिया है। वे आज सिंगरौली नगर निगम पहुंचे और वहां नगर निगम व जिला प्रशासन के अफसरों के साथ बैठक कर 500 करोड़ रुपए के एक्शन प्लान और रोडमैप को मंजूरी दी है। इसके बाद सीएम चौहान ने एक सभा के माध्यम से पीएम आवास योजना के हितग्राहियों को गृह प्रवेश भी कराया। सिंगरौली नगर निगम के प्लान के बारे में कलेक्टर राजीव रंजन मीना ने बताया कि यहां एक रोडमैप में गरीबों के लिए आवास, ट्रैफिक रोड मैप, स्वच्छता, विकास कार्य समेत अन्य प्रस्ताव तैयार किए गए हैं। इसमें आय बढ़ाने के स्त्रोत के साथ इससे होने वाली आय के आधार पर भी विकास कार्य प्लान किए गए हैं। सीएम चौहान ने यहां पहुंचने के बाद नगर निगम की बैठक में इसे मंजूरी दी है। उन्होंने निगम के विकास कार्यों के लोकार्पण और शिलान्यास भी किए हैं। मुख्यमंत्री चौहान सिंगरौली के बाद ब्यौहारी विधानसभा के घोरसा पहुंचे हैं जहां उन्होंने सोन नदी पर बनने वाले पुल के भूमिपूजन के बाद ब्यौहारी विधानसभा में अन्य विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया।

मुख्यमंत्री चौहान आज भोपाल लौटने के बाद रेत ठेकेदारों से वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये चर्चा करेंगे। इसमें रेत ठेकेदारों की खनन संबंधी दिक्कतों और रेत परिवहन के दौरान जांच और अन्य दिक्कतों के बारे में चर्चा होगी। सीएम इसके बाद जल्द ही रेत खदानों को लेकर अधिकारियों से चर्चा के बाद फैसला करने वाले हैं।