CM भूपेश ने मंत्रियों को नए सिरे से सौंपी जिलों की कमान
रायपुर.
लोकसभा चुनाव 2019 में छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की करारी शिकस्त के बाद प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रदेश के सभी जिलों के प्रभारी मंत्री बदल दिए हैं।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रदेश के मंत्रियों को नए सिरे से जिलों की कमान सौंपी है। जिसके तहत पंचायत एवं ग्रामीण विकास, लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री टी.एस. सिंहदेव को जांजगीर-चांपा, बलौदाबाजार-भाटापारा और मुंगेली जिले का प्रभारी मंत्री बनाया गया है।
इसी तरह लोक निर्माण, गृह, पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री ताम्रध्वज साहू को बिलासपुर और गरियाबंद जिले का प्रभार, कृषि एवं जैव प्राद्यौगिकी, जल संसाधन और संसदीय कार्य मंत्री रविन्द्र चौबे को रायपुर और रायगढ़ जिले का प्रभार, स्कूल शिक्षा, आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम को बस्तर, कोरबा और बालोद जिले का प्रभार सौंपा गया है।
परिवहन, आवास एवं पर्यावरण, खाद्य तथा वन मंत्री मोहम्मद अकबर को राजनांदगांव और दुर्ग जिले का प्रभारी मंत्री, वाणिज्यिक कर (आबकारी), वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री कवासी लखमा को कबीरधाम, धमतरी और महासमुंद जिले का प्रभारी मंत्री, नगरीय प्रशासन एवं विकास व श्रम मंत्री डॉ. शिवकुमार डहरिया को सरगुजा और कोरिया जिले का प्रभारी मंत्री तथा महिला एवं बाल विकास, समाज कल्याण मंत्री अनिला भेड़िया को बेमेतरा और जशपुर जिले का प्रभारी मंत्री बनाया गया है।
bhavtarini.com@gmail.com 