कलेक्टर एकादश ने एसपी एकादश को 10 विकेट से दी मात
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर महिला सद्भावना मैच

मण्डला - अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर महात्मा गांधी स्टेडियम में चल रही सांसद कप टी 20 क्रिकेट प्रतियोगिता के दौरान कलेक्टर एकादश और पुलिस अधीक्षक एकादश की महिला टीमों के बीच मैच का आयोजन हुआ। पुलिस अधीक्षक एकादश का नेतृत्व आकांक्षा चतुर्वेदी एसडीओपी नैनपुर एवं कलेक्टर एकादश का नेतृत्व करूणा मर्सकोले ग्रामीण युवा समन्वयक ने किया। इस मैच में पुलिस अधीक्षक एकादश ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। पुलिस अधीक्षक एकादश की ओर से हेमलता ने सर्वाधिक 26 रन बनाए। 16 गेंदों की अपनी पारी में उन्होंने 6 चौके भी जड़े। इसके अलावा दीपिका ने 1 छक्के और 2 चौकों की मदद से 14 रन, राखी ने दो छक्के की मदद से 8 गेंदों में 13 रन और रश्मि ने 1 छक्के और 1 चौके की मदद से 5 गेंदों में 10 रन बनाए। इस तरह निर्धारित 8 ओवर में पुलिस अधीक्षक एकादश ने 2 विकेट खोकर 89 रन बनाए। साधना और अनन्या ने कलेक्टर एकादश की तरफ से 1-1 विकेट लिया। कलेक्टर एकादश की तरफ से साधना और अनन्या को एक-एक विकेट हासिल किया।
करुणा ने चौकों-छक्कों की बौछार लगाई -
90 रन का विजयी लक्ष्य का पीछा करने उतरी कलेक्टर इलेवन की टीम ने आसानी से यह मुकाबला अपने नाम कर लिया। महज सातवें ओवर में ही कलेक्टर एकादश ने 10 विकेट से शानदार जीत हासिल की। कलेक्टर एकादश की तरफ से करुणा मर्सकोले ने शानदार बल्लेबाजी की। उन्होंने मैदान के चारों ओर चौकों-छक्कों की बौछार लगा दी। करुणा ने 26 गेंदों में 59 रन बनाए, अपनी इस पारी के दौरान उन्होंने 7 चौके और 6 छक्के लगाए। सुमन ने भी उनका भरपूर साथ दिया और उन्होंने 13 गेंदों का सामना करते हुए नाबाद 25 रन बनाए जिसमें 5 चौके भी शामिल है। इस मैच में इमर्जिंग प्लेयर का पुरस्कार एसपी एकादश की ओर से 2 छक्के लगाने वाली राखी बघेल को प्रदान किया गया, तो वही नॉट आउट अर्धशतक लगाने के लिए करुणा मर्सकोले को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार प्रदान किया गया। महिला दिवस के अवसर पर आयोजित इस मैच में एंपायर और स्कोरर की भूमिका में भी महिलाएं ही नजर आई। इस मैच में एंपायर की भूमिका का निर्वाहन सूची उपाध्याय और प्रियंबिका पटेल ने निभाई। स्कोरर की भूमिका में हर्षिता चौरसिया, पलक पाठक और मुस्कान रहीं। अतिथियों द्वारा विजेता और उपविजेता टीम को शानदार ट्रॉफी प्रदान की गई। इस दौरान शिक्षाविद डॉ रश्मि वाजपेई, वूशु खिलाड़ी पूर्णिमा रजक और कोविडकाल में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए कोविड केयर सेण्टर की इंचार्ज रही मीना चौधरी को सम्मानित किया गया।
ये रहे उपस्थित -
इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्र सिंह कँवर, एसडीओपी अश्विनी कुमार, खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी रविंद्र ठाकुर, कोतवाली थाना प्रभारी नीलेश दोहरे, थाना प्रभारी महाराजपुर रामेश्वर ठाकुर, थाना प्रभारी खटिया प्रकाश गडरिया, सुनीता डोंगसरे, अर्चना देशमुख, तृप्ति शुक्ला, कमला टांडिया, मनीषा शिववंशी, पूर्णिमा रजक, वंदना कुशराम, शशि पटेल, मीना चौधरी पूजा अग्रवाल, पूजा ज्योतिषी, रेनूका परमार, तृप्ति शुक्ला, अन्नया गोलवरकर सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
इनकी रही भूमिका -
इस आयोजन को सफल बनाने में सांसद कप आयोजन समिति के प्रमुख वेद प्रकाश कुलस्ते, आशीष झारिया, जितेंद्र नंदा, ऋषभ सिंह, अंकित ज्योतिषी, शिवांशु तिवारी, हिमांशु सिरसाम, पीयूष कार्तिकेय, अनुराग बिट्टू चौरसिया, विवेक अग्निहोत्री की उल्लेखनीय भूमिका रही।