राहत शिविर की जिम्मेदारियों के साथ-साथ शिकायत निवारण भी सुनिश्चित करें - तन्वी हुड्डा
समय सीमा बैठक में जिला पंचायत सीईओ के निर्देश
Syed Javed Ali
मण्डला - योजना भवन में आयोजित समय सीमा बैठक में जिला पंचायत सीईओ तन्वी हुड्डा ने सीएम हेल्पलाईन, जन अधिकार के विषय, राहत शिविर तथा अन्य महत्वपूर्ण बिन्दुओं पर अधिकारियों को निर्देश दिए। सीएम हेल्पलाईन की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि अधिकारी राहत शिविर की जिम्मेदारियों के साथ-साथ शिकायत निवारण भी सुनिश्चित करेंगे।
उन्होंने कहा कि 100, 300 तथा 700 दिवस की शिकायतों का निराकरण संतुष्टि के साथ दर्ज किया जाये। उन्होंने अन्य शिकायतों के अलावा 100 दिवस से अधिक की शिकायतों का निराकरण प्राथमिकता से करने के निर्देश दिए। सुश्री हुड्डा ने शिकायतों का निराकरण स्तर लगातार बढ़ाने के निर्देश दिए।
राहत शिविर के लिए रक्तदान करें
जिला पंचायत सीईओ ने आगामी 7 से 14 नवम्बर के बीच जिले में आयोजित हो रहे विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर में रक्त की पर्याप्त मात्रा सुनिश्चित करने के लिए सभी जिला अधिकारियों से रक्तदान करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि शिविर के दौरान सभी जिला अधिकारी अपने अमले के साथ रक्तदान प्रक्रिया में भाग लें। शिविर के लिए अधिक से अधिक मात्रा में रक्तदान सुनिश्चित करें।
आगामी 2-3 दिनों में अधिक से अधिक लोक रक्तदान करने आगे आऐं। सुश्री हुड्डा ने राहत शिविर की जिम्मेदारियों पर चर्चा करते हुए सभी नोडल अधिकारियों को अपनी टीम के साथ समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने पंजीयन स्थल में दिव्यांग कोर्ट की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए सीएमएचओ, पीडब्ल्यूडी एवं उपसंचालक सामाजिक न्याय को जरूरी निर्देश दिए।
दौरा कार्यक्रम प्रस्तुत करें
सुश्री हुड्डा ने प्रभारी सचिव के निर्देशानुसार सभी जिला अधिकारियों का आगामी माह का दौरा कार्यक्रम तत्काल भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिला अधिकारी अपने दौरे कार्यक्रम की जानकारी की प्रति कलेक्टर कार्यालय भेजना सुनिश्चित करेंगे। जिला पंचायत सीईओ ने सभी जिला अधिकारियों को स्कूल तथा छात्रावासों के सतत् निरीक्षण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने निरीक्षण के दौरान मध्यान्ह भोजन का अनिवार्य रूप से गुणवत्ता परीक्षण करने एवं प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। सुश्री हुड्डा ने समय सीमा बैठक में 7 नवम्बर को आयोजित जिला योजना समिति की बैठक से संबंधित चर्चा की। उन्होंने संबंधित विभागों को अपने विभाग से संबंधित एजेंडा एवं अन्य महत्वपूर्ण जानकारी अपडेट रूप में 5 नवम्बर तक भेजने के निर्देश दिए।
बैठक में टीएल मार्क किए गए पत्रों का संबंधित अधिकारियों से जवाब मांगा गया। जिला पंचायत सीईओ ने दिसम्बर के पूर्व सभी जिला अधिकारियों को ई-ऑफिस प्रणाली का प्रशिक्षण अनिवार्य रूप से लेने के निर्देश दिए। बैठक में एडीएम मीना मसराम सहित सभी जिलाधिकारी उपस्थित थे।
जिला पंचायत सीईओ ने किया रक्तदान
आगामी 7 से 14 नवम्बर के बीच जिले में विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर राहत-2 का आयोजन किया जा रहा है। इस दौरान जिले के साथ आस-पास के मरीज भी बड़ी संख्या में स्वास्थ्य लाभ लेंगे। जिले के 3 अस्पतालों कटरा, योगीराज तथा जिला चिकित्सालय में अलग-अलग चिकित्सा प्रदान की जायेगी।
महात्मा गांधी खेल मैदान में जांच
महात्मा गांधी खेल मैदान में जांच, पंजीयन तथा दवा वितरण का कार्य सुनिश्चित किया जायेगा। शिविर में रक्त की निर्बाद्ध आपूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से स्वास्थ्य एवं रोटरी क्लब के तत्वाधान में रक्तदान शिविर आयोजित किया गया है जिसमें प्रशासन के साथ-साथ रोटरी क्लब के सदस्य भी बढ़-चढ़कर रक्तदान कर रहे हैं।
गन मैन ने भी रक्तदान किया
इसी तारतम्य में जिला पंचायत सीईओ सुश्री तन्वी हुड्डा ने जिला चिकित्सालय पहुंचकर राहत-2 शिविर के लिए रक्तदान किया। इस दौरान उनके गन मैन ने भी रक्तदान किया। उन्होंने सभी जिला अधिकारियों को आगामी दिनों में अपने अधीनस्थ अमले के साथ शिविर के लिए रक्तदान करने की अपील भी की है। सीईओ ने जिला चिकित्सालय में राहत शिविर के लिए की जा रही तैयारियों का भी जायजा लिया।