J&K: बर्फीले तूफान में एक जवान की मौत

जम्मू
जम्मू-कश्मीर के पुंछ में गुरुवार को एक हादसे में सेना के एक जवान की मौत हो गई जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा गुरुवार सुबह आए बर्फीले तूफान के बाद हुआ। बर्फ की पहाड़ी का एक बड़ा टुकड़ा लाइन ऑफ कंट्रोल के पास बनी चौकी पर गिर गया।
गुरुवार की सुबह अचानक तेज बर्फीला तूफान आया। यहां बॉर्डर पर पर सवजियान सेक्टर में राष्ट्रीय रायफल पोस्ट पर इस बर्फीले तूफान का कहर बरपा। बर्फ का एक बड़ा टुकड़ा चौकी के ऊपर गिरा और यहां मौजूद दो सेना के जवान इसकी चपेट में आ गए। दोनों बर्फ के नीचे दब गए।
बर्फ की खुदाई कर जवानों को निकाला
तूफान कम होने के बाद सेना ने सर्च अभियान चलाया और बर्फ की खुदाई करके दोनों जवानों को निकाला गया। दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां लांस नायक सपन मेहरा को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया वहीं हरप्रीत सिंह का इलाज अस्पताल में चल रहा है। डॉक्टरों ने बताया कि हरप्रीत सिंह की हालत भी गंभीर है।
एक दिन पहले जारी हुआ था अलर्ट
जम्मू कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में फिर बर्फबारी होने के मद्देनजर अधिकारियों ने बुधवार को कश्मीर एवं लद्दाख के कई जिलों के लिए हिमस्खलन की चेतावनी जारी की थी। कश्मीर के मंडलीय आयुक्त को भेजे संदेश के मुताबिक, कश्मीर मंडल के बांदीपुरा, बारामूला, अनंतनाग, कुलगाम, बडगाम, कुपवाड़ा, गांदरबल, लेह और कारगिल जिलों के हिमस्खलन जोखिम वाले इलाकों में दो जनवरी शाम पांच बजे से तीन जनवरी शाम पांच तक हिमस्खलन होने का खतरा जताया गया था।