महाशिवरात्रि पर महाकाल निराकार रूप में, आज सजेगा सेहरा

महाशिवरात्रि पर महाकाल निराकार रूप में, आज सजेगा सेहरा

श्रद्धालुओं के लिए बेरिकेटिंग में मेटिंग बिछाकर पानी का छिडकाव किया गया

brijesh parmar उज्जैन। विश्वप्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग महाकाल मंदिर में महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर तड़के 2.30 बजे मंदिर के गर्भगृह के पट खोल दिए गए। उसके बाद पुजारियों ने विधि विधान से बाबा महाकाल का दिव्य श्रृंगार किया।महानिर्वाणी अखाड़े के महंत विनीत गिरि महाराज ने बाबा महाकाल की भस्मारती की। महाशिवरात्रि पर भगवान श्री महाकाल के दर्शन निराकार रूप में हुए।शुक्रवार को भगवान को सेहरा सजाया जाएगा एवं वर्ष में एक बार दिन में होने वाली भस्मार्ती होगी। ज्योतिर्लिंग महाकाल मंदिर में महाशिवरात्रि का उल्लास छाया हुआ है। गुरुवार तड़के भगवान का अभिषेक और भस्मारती के बाद सुबह 5 बजे से दर्शन का सिलसिला शुरू हो गया । भक्त शुक्रवार सुबह 10 बजे तक भगवान के सतत दर्शन कर सकेंगे।

बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात 2.30 बजे मंदिर के पट खुले

भगवान की एक झलक पाने के लिए मध्यरात्रि 3 बजे से ही कतार लगाना शुरू हो गई थी। परंपरा अनुसार बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात 2.30 बजे मंदिर के पट खुले। इसके बाद पुजारियों ने अभिषेक और भस्मारती की। सुबह 5 बजे से दर्शन का क्रम शुरू हुआ। शाम 4 बजे पुजारी होल्कर व सिंधिया स्टेट की ओर से पूजा की गई। इसके बाद संध्या आरती में भगवान को मीठे गरम दूध का भोग लगाया जाएगा।

रात्रि 11 बजे भगवान महाकाल का महाअभिषेक किया जाएगा

रात्रि 11 बजे भगवान महाकाल का महाअभिषेक किया जाएगा। इसमें दूध, दही, खंडसारी, शहद, घी, पांच प्रकार के फलों का रस, गन्न्े का रस, गंगाजल, गुलाब जल, भांग आदि सामग्री के साथ केसर मिश्रित दूध से अभिषेक किया जाएगा। पश्चात वैदिक मंत्रों के साथ पूजा अर्चना होगी।अभिषेक पूजन के बाद भगवान को नए वस्त्र तथा सप्तधान मुखारविंद धारण कराया जाएगा। भगवान को चावल,मूंग, तिल, मसूर, गेहूं, जौ, साल, उड़द आदि सप्तधान अर्पित किए जाएंगे। इसके बाद तड़के 4 बजे पुजारी सवा मन फल, फूल ,बिल्वपत्र व आंकड़े से बना सेहरा सजा कर आरती करेंगे।

शुक्रवार सुबह 10 बजे तक महाकाल के सेहरा दर्शन होंगे

शुक्रवार सुबह 10 बजे तक महाकाल के सेहरा दर्शन होंगे। पश्चात सेहरा उतारा जाएगा। शुक्रवार दोपहर 12 बजे साल में एक बार दिन में होने वाली भस्मारती होगी। इसके आधा घंटा बाद भोग आरती होगी। इसके साथ ही महाशिवरात्रि पर्व संपन्न् होगा। पश्चात मंदिर समिति द्वारा पुजारियों को भोजन कराकर दक्षिणा भेंट की जाएगी।

आठ दिनों से भगवान महाकाल साकार स्वरूप में थे

पिछले आठ दिनों से भगवान महाकाल साकार स्वरूप में थे। आज निराकार रूप में भक्तों को दर्शन दे रहे हैं। इस दौरान सतत 24 घंटे बाबा का जलधारा से अभिषेक होगा। पुजारियों ने तड़के बाबा का पंचामृत अभिषेक किया।तडके से मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की और से मेंटिंग बिछाया कर पानी का छिड़काव किया जा रहा है।

बेरिकेटिंग मार्ग में मेंटिंग बिछाई गई है

गर्मी को देखते हुए आने और जाने के बेरिकेटिंग मार्ग में मेंटिंग बिछाई गई है। वहीं इस पर लगातार पानी का छिड़काव किया जा रहा है । सशुल्क दर्शनार्थियों को प्रवेश के साथ ही मंदिर प्रशासन की ओर से पानी की एक बोतल व मास्क प्रदान किया जा रहा है ।

बुकिंग इंटरप्रिटेशन सेंटर के पास 8 लेन व्यवस्था की गई

प्री बुकिंग के साथ आने वाले श्रद्धालुओं को अपनी बुकिंग की जांच कराने में कोई परेशानी ना हो इसलिए इंटरप्रिटेशन सेंटर के पास 8 लेन व्यवस्था की गई ।प्रशासनिक स्तर पर दावा किया गया कि 35-40 मिनिट में श्रद्धालुओं को दर्शन हो पाए। वर्ष में एक बार ऐसी रात भी आती है जब भगवान महाकालेश्वर की शयन आरती नहीं होती।

रात 9 बजे कोटितीर्थ स्थित कोटेश्वर महादेव मंदिर में गौरी गणेश पूजन होगा

मंदिर में रात्रि जागरण के साथ महिलाएं भगवान के विवाह के मंगल गीत गाएंगी, सुबह पुजारियों की मौजूदगी में भगवान का सेहरा सजाकर दूल्हा स्वरूप में श्रृंगार किया जायेगा। रात 9 बजे कोटितीर्थ स्थित कोटेश्वर महादेव मंदिर में गौरी गणेश पूजन होगा। यहां भगवान शिव का सेहरा श्रृंगार होगा। सरकारी पूजा के बाद वही पूजा गर्भगृह में रात 10.30 बजे होगी। भगवान की महान्यास, पंचामृत पूजन के बाद उबटन लगाया जायेगा।

देर रात 3 बजे से सेहरा श्रृंगार शुरू होगा

देर रात 3 बजे से सेहरा श्रृंगार शुरू होगा। तडके सेहरा श्रृंगार आरती के बाद आमजनों को सुबह 10 बजे तक दूल्हा स्वरूप में भगवान के दर्शन होंगे। शुक्रवार को वर्ष में एक बार दोपहर 12 बजे भस्मार्ती होगी। इस वर्ष भस्मार्ती दर्शनों की किसी को अनुमति नहीं दी गई है। पुजारियों की उपस्थिति में भस्मार्ती सम्पन्न होगी।
दोपहर में शासकीय पूजन संपन्न
गुरूवार दोपहर 12:00 बजे परंपरागत शासकीय पूजन संपन्न किया गया। पूजन पंडित घनश्याम शर्मा ने विधि विधान से करवाया । पूजन में संभागायुक्त संदीप यादव, एडीजी योगेश देशमुख, कलेक्टर आशीष सिंह , पुलिस अधीक्षक ,सत्येंद्र कुमार शुक्ल एवं प्रशासक नरेन्द्र सूर्यवंशी शामिल हुए। गुरूवार तडके से शाम तक 80 हजार के लगभग दर्शनार्थियों ने दर्शन किए हैं।इनमें से 10 के करीब सशुल्क दर्शनार्थी शामिल हैं।सामान्य श्रद्धालुओं को करीब एक किलोमीटर से अधिक चलकर भगवान के दर्शन 40-50 मिनिट में हुए हैं।शुक्रवार को दोपहर की भस्मार्ती पुजारी पुरोहित रहेंगे,आम श्रद्धालू नहीं। -आशीष सिंह,कलेक्टर एवं अध्यक्ष,श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति,उज्जैन