कलेक्टर ने किया जिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण
कोरोना केयर सेंटर की भी ली जानकारी
Syed Javed Ali
मण्डला - कलेक्टर हर्षिका सिंह ने जिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने जिला चिकित्सालय में निर्माणाधीन कार्य को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने चिकित्सालय परिसर में संचालित ओपीडी तथा वार्ड की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। श्रीमती सिंह ने संक्रमित एवं संदिग्ध मरीजों के लिए चिकित्सालय परिसर में बनाए गए वार्ड के बारे में जाना। उन्होंने कोरोना केयर सेंटर में एक्टिव तथा डिस्चार्ज मामलों के बारे में सीएमएचओ से जानकारी ली। उन्होंने सेंटर में ड्यूटी स्टॉफ, प्रभारी अधिकारी तथा सेंपल जांच रिपोर्ट भेजने जैसे विषयों के बारे में पूछा।
कलेक्टर ने जिले के कोरोना से संक्रमित मामले के बारे में पूछताछ करते हुए संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आने वाले अन्य व्यक्तियों की जानकारी गंभीरता से जुटाने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने कोरोना केयर सेंटर में कोरोना के एकमात्र एक्टिव मरीज से उसकी कुशलक्षेम पूछते हुए उसके स्वास्थ्य के बारे में जाना। निरीक्षण के दौरान सीएमएचओ डॉ. श्रीनाथ सिंह सहित संबंधित चिकित्सक एवं अधिकारी उपस्थित रहे।