MP में निवेश बढ़ाने की कवायद, स्विट्जरलैंड जाएंगे CM कमलनाथ

MP में निवेश बढ़ाने की कवायद, स्विट्जरलैंड जाएंगे CM कमलनाथ

भोपाल
 मुख्यमंत्री कमलनाथ ने पहले ही दिन मध्यप्रदेश में निवेश बढ़ाने के संकेत दे दिए थे। इसके बाद अब कमलनाथ जनवरी माह में स्विट्जरलैंड जाने वाले हैं। वे दावोस में होने वाली वर्ल्ड इकोनामी कांफ्रेंस में हिस्सा लेंगे। 17 दिसंबर को शपथ लेने वाले मुख्यमंत्री की यह पहली विदेश यात्रा होगी।

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ जनवरी माह में स्विट्जरलैंड के दावोस जाने वाले हैं। वे वहां आयोजित वर्ल्ड इकोनॉमी कांफ्रेस में हिस्सा लेने जाने वाले हैं। उनके साथ 5 बड़े उद्योगपति भी होंगे। यह कांफ्रेस 22 से 25 जनवरी के बीच होगी। संभवतः वे 21 जनवरी को रवाना हो जाएंगे।

एक्शन में कमलनाथ
17 दिसंबर को मध्यप्रदेश की कमान संभालने के बाद से ही कमलनाथ एक्शन मोड में हैं। उन्होंने पहले ही दिन किसानों की कर्ज माफी की फाइल पर दस्तखत कर दिए। इसके बाद पुलिस मुख्यालय पहुंचकर पुलिस के आला अधिकारियों से मिले और नई सरकार की मंशा बता दी। उन्होंने कहा कि जनवरी से पुलिस कर्मियों को भी सप्ताह में एक छुट्टी मिलना चाहिए। उन्होंने कानून व्यवस्था को लेकर भी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि महिलाओं के खिलाफ अपराध बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसके अलावा उन्होंने आज से ही काम पर लग जाने को कहा था।
 
मध्यप्रदेश में निवेश बढ़ाने की कवायद
कमलनाथ ने पहले ही दिन कई कंपनियों को मध्यप्रदेश में निवेश के लिए प्रोत्साहन देने की बात कही। उन्होंने कहा कि ऐसी कंपनियां 70 प्रतिशत स्थानीय लोगों को रोजगार देगी उसे इंसेंटिव (छूट) दी जाएगी। कमलनाथ के इस बयान के बाद कंपनियां आकर्षित होंगी। जानकारों का मानना है कि कमलनाथ के इस बयान के बाद मध्यप्रदेश में कई निवेशक बढ़ सकते हैं। इसके अलावा मुख्यमंत्री कमलनाथ खुद बिजनेसमैन परिवार से होने के कारण वे मध्यप्रदेश में निवेश बढ़ाने में सफल हो सकते हैं। गौरतलब है कि कमलनाथ खुद 23 कंपनियों से जुड़े हैं जो उन्हीं के परिवार के लोग संभालते हैं।