khemraj mourya
शिवपुरी। माध्यमिक शिक्षा मंडल की 10वीं और 12वीं का रिजल्ट घोषित होने के बाद प्रदेश की टॉपटेन सूची में शिवपुरी जिले के छात्र-छात्राओं ने शिवपुरी जिले का नाम रोशन किया है। शिवपुरी के 10वीं कक्षा के 14 छात्र-छात्राओं का नाम इस सूची में शामिल है जबकि 12वीं की टॉपटेन सूची में 3 छात्र-छात्राओं के नाम दर्ज हैं।

10वीं की प्रदेश की प्रवीण्य सूची में आईपीएस स्कूल के छात्र अर्जुन कुशवाह, शिक्षा भारती बाल निकेतन स्कूल की काजल वर्मा और राईजिंग पब्लिक स्कूल बैराड़ की वैष्णावी बंसल ने 500 में से 495 अंक हासिल कर चौथा स्थान प्राप्त किया है। वहीं 493 अंकों के साथ आईपीएस स्कूल की प्रेरणा प्रजापति, बाल शिक्षा निकेतन के आर्श पाण्डे ने छटवां स्थान पाया है। सातवे स्थान पर शासकीय उ.मा.वि.खरई की कु. बिटिल रजक, बाल शिक्षा निकेतन के संतोष धाकड़ और शिक्षा भारती बाल निकेतन की लाली धाकड़ रहीं जिन्होंने 492 अंक प्राप्त किए।

आठवे स्थान पर बाल शिक्षा निकेतन के सौरभ शुक्ला, उत्कृष्ट विद्यालय क्रमांक 1 के दिलीप कुशवाह और आकाश शिवहरे शामिल हैं जिन्होंने 491 अंक हासिल किए हैं। दसवे स्थान आकाश गुर्जर राजीव गांधी मेमोरियल मगरौनी, पार्थ गुप्ता आइडल केम्ब्रिज उ.मा.वि. करैरा और ज्ञान प्रभात स्कूल मनियर की नीलम जाटव शामिल हैं जिन्होंने 489 अंक पाकर यह उपलब्धि हासिल की है। वहीं 12वीं की प्रदेश की प्रवीण्य सूची में गणित संकाय के छात्र कुलदीप पुत्र कैलाश धाकड़ शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक 1 ने 483 अंक पाकर प्रदेश में दूसरा स्थान प्राप्त किया है। गणित संकाय में ही विवेक कुमार शर्मा और कृषि संकाय में हर्षित गुप्ता ने पांचवां स्थान पाया है।
जिले में 10वीं में पुष्पेंद्र, कुलदीप, सौरभ तो 12वीं में निधि, आदर्श, हर्षिता, पलक और दीप्ति रही अव्वल

आज घोषित हाई स्कूल एवं हायर सेकेण्डरी की परीक्षा परिणामों में शिवपुरी जिले के छात्र-छात्राओं ने जिला टॉप किया है। 10वीं में मगरौनी के हाईस्कूल के छात्र पुष्पेंद्र रावत और गीता पब्लिक स्कूल के कुलदीप धाकड़ व आईपीएस स्कूल के सौरभ धाकड़ ने जिले में प्रथम स्थान प्राप्त किया है तीनों छात्रों ने 500 में से 488 अंक प्राप्त किए हैं। जबकि दूसरे स्थान पर नम्बर 1 स्कूल के विकास धाकड़ और आईपीएस स्कूल की प्रियंका पाल ने 487 अंक प्राप्त किए हैं। 486 अंक पाकर तीसरे स्थान पर गुरूनानक स्कूल की कल्पना दांगी बाल शिक्षा निकेतन स्कूल की तनु सिंघल और सरस्वती विद्यापीठ के दीपक अग्रवाल शामिल हैं। वहीं 12वीं कक्षा में मानव संकाय से निधि राजा पुत्री धर्मेंद्र सिंह ने 443 अंक पाकर जिले में टॉप किया है। निधि गहोई हायर सेकेण्डरी स्कूल करारखेड़ा की छात्रा है। वहीं विज्ञान संकाय में आदर्श पुत्र जयप्रकाश गुप्ता ने 471 अंक के साथ प्रथम स्थान पाया है। जो गहोई हायर सेकेण्डरी स्कूल बामौरकलां के छात्र हैं। वाणिज्य संकाय में नम्बर 1 स्कूल की हर्षिता ओझा ने 467 अंक पाकर प्रथम स्थान पर हैं। कृषि संकाय में पलक सोनी 464 अंक के साथ पहला स्थान पाया है। यह ज्ञान प्रभात हायर सेकेण्डरी स्कूल मनियर के छात्र हैं। होम सांइस से दीप्ति साहू ने 449 अंक के साथ पहले स्थान पर हैं। यह शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पिछोर की छात्रा हैं। जिले में दूसरे स्थान पर मानव संकाय में संजय पुत्र किशनलाल जाटव, प्रखर पुत्र संतोष गुप्ता, गायत्री पुत्री महेश साहू, विज्ञान संकाय में संस्कार पुत्र गिर्राज बंसल, ज्योति पुत्र कल्याण गुप्ता, वाणिज्य संकाय में अंजली पुत्री कैलाश नारायण के नाम शामिल हैं।
प्रावीण्य सूची में उत्कृष्ट विद्यालय और आईपीएस स्कूल का रहा दबदबा
कक्षा 10 और 12वीं के घोषित परिणामों में जहां तक शिवपुरी जिले का संबंध है प्रदेश और जिले की प्रावीण्य सूची में उत्कृष्ट विद्यालय और आईपीएस स्कूल का दबदबा रहा। इंडियन पब्लिक स्कूल(आईपीएस) ने फिर एक बार और इतिहास रचकर चौथी बार मप्र की मैरिट सूची और जिला मैरिट सूची में अपना जलबा कायम रखा है। मप्र की मैरिट सूची में चौथे स्थान पर आईपीएस स्कूल के छात्र अर्जुन कुशवाह ने 500 में से 495 अंक प्राप्त किए जबकि इसी विद्यालय की छात्रा कु. प्रेरणा प्रजापति ने उनसे सिर्फ 2 अंक कम 493 अंक प्राप्त कर अपने जिले और आईपीएस स्कूल का नाम रोशन किया है। कक्षा 10वीं की जिला प्रवीण्य सूची में आईपीएस स्कूल के सौरभ धाकड़ ने 500 में से 488 अंक प्राप्त कर जिले में प्रथम स्थान प्राप्त किया है जबकि इसी विद्यालय की कु. प्रियंका पाल ने 487 अंक प्राप्त कर द्वितीय स्थान पाया है। आईपीएस स्कूल की इस उपलब्धि पर विद्यालय के संचालक ओमप्रकाश कुशवाह को शहर के गणमान्य नागरिकों ने बधाईयां दी हैं वहीं श्री कुशवाह ने मैरिट लिस्ट में स्थान प्राप्त करने वाले अपने विद्यालय के विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है। वहीं उत्कृष्ट विद्यालय के प्राचार्य विवेक श्रीवास्तव ने भी स्कूल के प्रदेश और जिले की प्रावीण्य सूची में अव्वल आने वाले छात्र-छात्राओं को बधाईयां दी हैं।
यशोधरा राजे ने दीं टॉपटेन की सूची में आने वाले छात्र-छात्राओं को बधाईयां
शिवपुरी विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया द्वारा आज माध्यमिक शिक्षा मंडल भोपाल द्वारा संचालित हाई स्कूल सर्टिफिकेट परीक्षा एवं हायर सैकेण्ड्री परीक्षा वर्ष 2019 का घोषित परीक्षा परिणाम में प्रदेश में शिवपुरी जिले से टॉप टेन की सूची में आने वाले छात्र/ छात्राओं को बधाई एवं शुभकामनायें दी हैं। साथ ही उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है कि शिवपुरी जिले के छात्र/छात्रायें ऐसे ही शिवपुरी जिले का प्रदेश में नाम ऊंचा करें। बच्चों के परिजनों, विद्यालय के संचालकों एवं गुरूजनों को भी शुभकामनायें दी हैं।