शिवराज ने किया चुनाव प्रचार का आगाज, गोविंदपुरा में किया जनसम्पर्क

शिवराज ने किया चुनाव प्रचार का आगाज, गोविंदपुरा में किया जनसम्पर्क
भोपाल, मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव में अब एक महिने से भी कम वक्त बचा है। टिकट मंथन को लेकर उलझी राजनैतिक पार्टियों ने अब प्रचार-प्रसार की गति बढ़ा दी है। भाजपा ने आज से अपना घर -घर जाकर विशेष जनसम्पर्क अभियान शुरु कर दिया है। पहले दिन मुख्यमंत्री शिवराज समेत कई नेता-मंत्री लोगों के घर पहुंचे और भाजपा को वोट देने की अपील की। मुख्यमंत्री भी जनसंपर्क के पहले दिन वरिष्ठ नेता बाबूलाल गौर के क्षेत्र और भाजपा का गढ़ मानी जाने वाली गोविंदपुरा विधानसभा सीट के साकेत मंडल में पहुंचे। यहां उन्होंने लोगों को पार्टी के पर्चे बांटे और भाजपा को वोट देने की अपील की। साथ ही लोगों को कमल दीपावली का संदेश भी दिया। इस दौरान सीएम ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर जमकर निशाना भी साधा। सीएम ने कहा कि कांग्रेस ने मध्यप्रदेश को बीमारू राज्य बना दिया था,लेकिन भाजपा ने इसका विकास किया और इसे एक विकसित राज्य बनाया। कांग्रेस की यह संस्कृति रही है कि वो हमेशा भाजपा के ज़मीन से जुड़े नेताओं को नीचा दिखाती है। प्रधानमंत्री को मौत का सौदागर, नीच और बिच्छू कहा, मुझे नालायक और मदारी जैसे कई विशेषण दिए। सत्ता से दूर रहना शायद उनके लिए मुश्किल हो रहा है और उनके मानसिक संतुलन पर असर कर रहा है। वही राहुल गांधी के मध्यप्रदेश दौरे पर सीएम ने कहा कि वो जब जब मध्यप्रदेश आते हैं उनके आने से भाजपा को फायदा होता है। वो यहां आते जाते रहे। वो मंदिर क्यों जा रहे ये सब जानते हैं।सीएम ने कहा कि शिवराज ने घर घर जाकर लोगों को जोड़ा है, हमारी मेहनत बेकार नही जाएगी। इस दौरान सीएम ने सम्बल योजना के बारे में लोगो को बताया। वही भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह ने कोलार क्षेत्र में जनसंपर्क किया। यह अभियान एक नवंबर तक चलेगा। जिसके तहत भाजपा के नेता-मंत्री पांच-पांच हितग्राहियों के घर जाएंगे और उनसे भाजपा को वोट देने की अपील करेंगे।इस दौरान वे लोगों के घर-घर जाकर दिए भी जलाएंगें। गोविंदपुरा विधानसभा सीट है सबसे खास गोविंदपुरा सीट सूबे के पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल गौर का गढ़ रही है। गौर यहां से लगातार 10 बार से चुनाव जीतते आ रहे हैं। ११वीं बार फिर उन्होंने टिकट की दावेदारी पेश की है। क्षेत्र में उनका काफी वर्चस्व भी है, हालांकि गौर को इस बार टिकट देने पर पार्टी कतरा रही है। वहीं उनकी जगह उनकी बहू कृष्णा गौर का नाम आगे आया है। वहीं इस सीट पर भोपाल महापौर आलोक शर्मा का नाम भी है। इसी सीट से मुख्यमंत्री के चुनाव लड़ने के चर्चा थी, लेकिन उन्होंने यह साफ करते हुए कहा है कि वो बुधनी से ही चुनाव लड़ेंगे।