अपनी पहली विदेश यात्रा पर भारत पहुंचे मालदीव के राष्ट्रपति इब्राहिम सोलिह

अपनी पहली विदेश यात्रा पर भारत पहुंचे मालदीव के राष्ट्रपति इब्राहिम सोलिह

 

नई दिल्ली
मालदीव के राष्ट्रपति इब्राहिम सोलिह रविवार को अपनी तीन दिनों की यात्रा पर दिल्ली पहुंच गए। इस दौरान वह पीएम नरेंद्र मोदी से भी मुलाकात करेंगे और दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने पर चर्चा करेंगे। नए राष्ट्रपति चुने इब्राहिम सोलिह को भारत के प्रति सकारात्मक रुख के लिए जाना जाता है। 
 
सितंबर में राष्ट्रपति पद के लिए हुए चुनाव में सोलिह ने ताकतवर नेता अब्दुल्ला यामीन को मात दी थी। पद संभालने के बाद सोलिह की यह पहली यात्रा है। भारत के साथ मालदीव की नई सरकार के संबंधों का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पद संभालने के बाद उन्होंने पहली विदेश यात्रा के लिए भारत को चुना है। रविवार को केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह बुरी ने सोलिह की अगवानी की। भारत सरकार के अतिथि के तौर पर उन्हें राष्ट्रपति आवास में ठहराया है। 

रविवार को दिल्ली में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सोलिह ने भारत को मालदीव का सबसे करीबी दोस्त और सबसे महत्वपूर्ण व्यापारिक साझादीर बताया। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि सोलिह की इस यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच आसान वीजा नियमों को लेकर सहमति बन सकती है। 

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने ट्वीट किया, 'सहयोग और दोस्ती हो रही और दृढ़। राज्यमंत्री हरदीप सिंह पुरी ने मालदीव के राष्ट्रपति इब्राहिम सोलिह का एयरपोर्ट पर स्वागत किया। पद संभालने के कुछ महीनों बाद उन्होंने अपनी पहली विदेश यात्रा के लिए भारत को चुना है।' 

औपचारिक रिसेप्शन के बाद सोलिह सोमवार को पीएम नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे। इसके अलावा वह राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से भी मिलेंगे। विदेश मंत्री सुषमा स्वराज और वाइस प्रेजिडेंट वेंकैया नायडू से मिलने का भी सोलिह का कार्यक्रम है। इसके बाद भारत से वापसी से पहले मंगलवार को वह ताजमहल का दीदार करने भी जाएंगे।