अब ममता बनर्जी का दुर्गा पाठ, कहा- EC के काम में दखल दे रहे अमित शाह 

 अब ममता बनर्जी का दुर्गा पाठ, कहा- EC के काम में दखल दे रहे अमित शाह 

कोलकाता
 पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए चोटिल मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। व्हीलचेयर पर बैठे-बैठे वह दनादन रैलियां कर रही हैं, इस बीच उन्होंने कुछ ऐसा किया जिसकी वजह से उनके विरोधियों के मुंह पर ताला लग गया है। मंगलवार को बांकुरा विधानसभा क्षेत्र में एक सार्वजनिक रैली को संबोधित करते हुए पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने 'दुर्गा पाठ' का पाठ किया। बता दें कि इससे पहले सीएम ममता बनर्जी ने नंदीग्राम में 'चंडी पाठ' का भी उच्चारण किया था। 

बांकुरा में जनता को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर भी निशाना साधने का मौका नहीं छोड़ा। उन्होंने बीजेपी के वरिष्ठ नेता अमित शाह पर भारतीय निर्वाचन आयोग के काम ने दखल देने का आरोप लगाया। मंच से ममता बनर्जी ने कहा, 'गृह मंत्री देश चलाएंगे या इस बात का निर्णय लेंगे कि कौन गिरफ्तार होगा और किसकी पिटाई होगी। या फिर वह यह निर्णय लेंगे कि कौन से एजेंसी किसके खिलाफ केस दर्ज करेगी। भारतीय निर्वाचन आयोग को कौन चला रहा है? मैं उम्मीद करती हूं वो आप नहीं हैं अमित शाह, हम आजाद और निस्पक्ष चुनाव चाहते हैं, वह चुनाव आयोग के दिन-प्रतिदिन के कामकाज में हस्तक्षेप कर रहे हैं।' 

ममता बनर्जी की सुरक्षा में फेरबदल गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल में विपक्षी भाजपा ने जिस आईपीएस अफसर की निष्पक्षता पर सवाल उठाए थे, अब उसी को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की सुरक्षा का जिम्मा सौंप दिया गया है। आईपीएस ज्ञानवंत सिंह को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की सुरक्षा का नया डायरेक्टर नियुक्त किया गया है। इस संबंध में चुनाव आयोग ने राज्य के मुख्य सचिव को निर्देश जारी किया था। ज्ञानवंत सिंह एडिश्नल डायरेक्टर जनरल ऑफ पुलिस की रैंक वाले अधिकारी हैं और अभी वो राज्य में सिक्योरिटी के एडिश्नल डायरेक्टर जनरल के तौर पर तैनात थे। बता दें कि इस समय बंगाल के चुनाव में टीएमसी चीफ को लगी चोट बहुत बड़ा सियासी मुद्दा बना हुआ है।