केजरीवाल ने टाटा-अंबानी को लिखा लेटर, बोले- ऑक्सीजन पर प्लीज करें हमारी मदद

नई दिल्ली
दिल्ली में कोरोना संक्रमण की रफ्तार बढ़ती जा रही है जिससे हालात बदतर हो रहे हैं। तमाम अस्पताल रोजाना ऑक्सीजन की किल्लत का सामना कर रहे हैं। ऐसे में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने पहले देशभर के मुख्यमंत्रियों को पत्र लिखा, अब उन्होंने देश के बड़े उद्योगपतियों- अंबानी, टाटा, बिरला और बजाज को चिट्ठी लिखकर दिल्ली के लिए ऑक्सीजन की सहायता मांगी है।
केजरीवाल ने पत्र में लिखा है, 'अगर आपके पास ऑक्सीजन या टैंकर हैं तो प्लीज दिल्ली सरकार की मदद करें। आप जिस तरह भी कर सकते हैं, उस तरह से हमारी मदद करें।' इससे पहले केजरीवाल ने मुख्यमंत्रियों के नाम पत्र लिखा था। जिसमें उन्होंने उनसे राजधानी के लिए ऑक्सीजन मांगा था।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अन्य सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों से मांग की है। केजरीवाल ने कहा है कि अगर अतिरिक्त ऑक्सीजन है तो अन्य राज्य दिल्ली के लिए मुहैया करवा दें। केजरीवाल ने ट्वीट करते हुए लेटर लिखने की जानकारी दी है। उन्होंने ट्वीट किया, 'मैं सभी मुख्यमंत्रियों से निवेदन करता हूं कि अगर उनके पास अतिरिक्त ऑक्सीजन है तो उसे दिल्ली के लिए मुहैया करवा दें। हालांकि, केंद्र सरकार भी हम लोगों की मदद कर रही है, लेकिन कोरोना की गंभीरता ऐसी है कि सभी उपलब्ध संसाधन अपर्याप्त साबित हो रहे हैं।'
दिल्ली के कई अस्पतालों में ऑक्सीजन का संकट शनिवार को भी जारी रहा। गंभीर रूप से पीड़ित कोरोना के मरीजों को ऑक्सीजन की कमी के चलते राजधानी के किसी भी अस्पताल में जगह नहीं मिल पा रही है। दिल्ली के जयपुर गोल्डन अस्पताल में शुक्रवार रात 20 मरीजों की मौत हो गई। अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक ने कहा कि मरने वाले सभी 20 मरीज ऑक्सीजन पर थे, ऑक्सीजन न होने से हमें फ्लों कम करना पड़ा था।