जनसंवाद रैली के मंच पर पहुंचे अमित शाह

जनसंवाद रैली के मंच पर पहुंचे अमित शाह

केंद्रीय गृहमंत्री और भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के पूर्व अध्यक्ष अमित शाह बिहार के लिए पहली वर्चुअल रैली 'बिहार जनसंवाद' को संबोधित करने जा रहे हैं। यह रैली पूरी तरह से डिजिटल है। लेकिन पार्टी ने इसे वास्तिवक रैली में बदलने के लिए भरपूर इंतजाम किया है। भाजपा का दावा है कि देश में पहली बार किसी राजनीतिक दल द्वारा इस तरह की डिजिटल रैली हो रही है। इसको बिहार विधानसभा चुनाव के मद्देजनर भाजपा द्वारा कार्यकर्ताओं से संपर्क साधने का विधिवत प्रारंभ भी माना जा रहा है। बिहार चुनाव के मद्देनजर इस रैली को अहम माना जा रहा है। हालांकि पार्टी नेताओं का कहना है कि अमित शाह मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल का एक साल पूरा होने पर केंद्र की उपलब्धियों पर विस्तार से अपनी बात रखेंगे।भाजपा कार्यालय में वर्चुअल रैली के लिए सजे मंच पर बिहार प्रभारी भूपेंद्र यादव, सुशील मोदी, अध्यक्ष संजय जायसवाल, मंत्री मंगल पांडेय, नंदकिशोर यादव, प्रेम कुमार मौजूद हैं।

 

आरजेडी का विरोध

बिहार में रविवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की ऑनलाइन रैली से कुछ घंटे पहले राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने विरोध जताते हुए थाली पीटी और शंख बजाए। राजद नेता तेजस्वी यादव ने भाजपा की रैली को कोविड-19 और लॉकडाउन से हुए विनाश का सत्तारूढ़ पार्टी द्वारा उत्सव करार दिया। बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के 10, सर्कुलर रोड आवास के बाहर बड़ी संख्या में राजद कार्यकर्ता जमा हुए जहां खुद राबड़ी, उनके दोनों पुत्र तेजस्वी तथा तेज प्रताप यादव और अन्य पार्टी नेता चम्मच से थाली बजा रहे थे। वे सभी वहां बनाए गए गोलों के अंदर खड़े होकर सामाजिक दूरी प्रदर्शित कर रहे थे। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सरकारी आवास से कुछ कदमों की दूरी पर स्थित प्रदर्शन स्थल पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। पास में ही भाजपा के वरिष्ठ नेता और राज्य के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय का भी आवास है जिनकी महामारी से निपटने के तरीके को लेकर विपक्ष आलोचना कर रहा है।