दबंग-3 की शूटिंग वाला स्थान महेश्वर घाट बनेगा डेस्टिनेशन वेडिंग स्पॉट
इंदौर
मध्य प्रदेश में पर्यटन स्थलों का विकास व विस्तार करने की योजना पर सरकार काम कर रही है. इसके तहत इंदौर के महेश्वर के जिस घाट पर बॉलीवुड स्टार सलमान खान की फिल्म दबंग-3 की शूटिंग की गई थी, उसे भी पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जा रहा है. इस जगह को डेस्टिनेशन वेडिंग स्पॉट के रूप में विकसित करने की योजना पर काम हो रहा है. दबंग-3 की शूटिंग वाले स्थान पर मंडप सजा कर वर-वधू फेरे ले सकते हैं. डेस्टिनेशन वेडिंग प्लानर के लिए भी ये जगह खासी पसंदीदा हो सकती है. मौसम के अनुसार इस जगह को अनुकुल माना जा रहा है.
डेस्टिनेशन वेडिंग की प्लानिंग करने वाले दूल्हा-दुल्हन के लिए एमपी टूरिज्म अब महेश्वर के उसी घाट पर मंडप सजाएगा, जहां सलमान खान की दबंग-3 की शूटिंग हुई थी. गांधी सागर डैम पर भी क्रूज में 24 नवंबर को एक शादी समारोह से पहले रिंग सेरेमनी होगी. मध्य प्रदेश टूरिज्म के इंदौर रीजन के 7 अलग-अलग स्थानों पर 8 होटलों में नवंबर और दिसंबर में ही 34 शादियों की बुकिंग आ चुकी है. इसको देखते हुए पर्यटन विभाग को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में यहां डेस्टिनेशन वेडिंग के कई और प्रस्ताव आ सकते हैं.
इंदौर के डिस्टिनेशन वेडिंग वाले स्थानों पर, जहां पिछले साल दो महीने में केवल 4 ही शादियां हुई थीं. वहीं इस बार 34 हो गई हैं. इसके अलावा 10 और शादियों पर बात चल रही है. इंदौर के आसपास के साथ ही महाराष्ट्र, गुजरात और राजस्थान के लोग भी महेश्वर, मांडू और गांधी सागर में डेस्टिनेशन वेडिंग प्लान कर रहे हैं. इन स्थानों को पर्यटन के लिहाज से भी विकसित किया जा रहा है. ताकि प्रदेश का राजस्व भी यहां से बढ़ सके. इसके अलावा पर्यटकों को भी इंदौर समेत पूरे मध्य प्रदेश की ओर पर्यटकों का ध्यान खींचने की योजना के तहत काम किया जा रहा है.
bhavtarini.com@gmail.com 
