देश के 10 राज्यों में बढ़ रहे हैं कोरोना के मामले, अकेले महाराष्ट्र में 55 प्रतिशत से अधिक केस

देश के 10 राज्यों में बढ़ रहे हैं कोरोना के मामले, अकेले महाराष्ट्र में 55 प्रतिशत से अधिक केस

नई दिल्ली
कोरोना की दूसरी लहर ने भारत के कई राज्यों को अपनी चपेट में ले लिया है। आज तो सारे रिकॉर्ड धाराशाही हो गए, जब स्वास्थ्य मंत्रालय ने यह बताया कि बीते 24 घंटे में 1.26 लाख से अधिक मामले सामने आए हैं। रोजाना मामलों पर अगर नजर दौड़ाएं तो  महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, कर्नाटक, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, मध्य प्रदेश, तमिलनाडु, गुजरात, केरल और पंजाब ये ऐसे दस राज्य हैं, जहां कोरोना के रोजाना मामलों में तेजी देखी गई है।  केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि राष्ट्रीय साप्ताहिक कोरोना संक्रमण का दर मार्च और अप्रैल के पहले सात दिनों में 6.21 प्रतिशत बढ़कर 2.19 से 8.40 प्रतिशत हो गई है। मंत्रालय ने गुरुवार की सुबह अपडेट किए गए आंकड़ों के अनुसार भारत ने 1,26,789 नए कोरोनो वायरस संक्रमणों का रिकॉर्ड दर्ज किया है। महाराष्ट्र में सबसे अधिक नए मामले 59,907 दर्ज किए गए हैं। इसके बाद छत्तीसगढ़ में 10,310 जबकि कर्नाटक में 6,976 नए मामले सामने आए हैं।

भारत में कुल सक्रिय मामले बढ़कर 9,10,319 हो गए हैं। यह अब तक के कुल कुल संक्रमण का 7.04 प्रतिशत है। मंत्रालय ने कहा, "महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, कर्नाटक, उत्तर प्रदेश और केरल में कुल मिलाकर 74.13 फीसदी मामले हैं। अकेले महाराष्ट्र देश के कुल सक्रिय मामलों का 55.26 फीसदी है।" मंत्रालय ने कहा कि महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, पंजाब, कर्नाटक, दिल्ली, तमिलनाडु, मध्य प्रदेश, गुजरात, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और केरल सहित बारह राज्य रोजाना नए मामलों में तेजी दिखा रहे हैं। भारत में बीते 24 घंटे में 59,258 मरीजों ने इस महामारी को मात दी है। आपको बता दें कि देश में अब तक कुल 1,18,51,393 मरीज इस महामारी से उबर चुके हैं। दस राज्यों में नई मौतों का प्रतिशत 87.59 है। महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा 322 मरीजों की मौत हुई है। मंत्रालय ने कहा कि पंजाब में बीते 24 घंटे में करीब 62 मौतें हुई हैं। पिछले 24 घंटों में 12 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों ने कोरोना से एक भी मौत की सूचना नहीं दी है। ये राज्य असम, लद्दाख, डी एंड डी एंड डी एंड एन, नागालैंड, त्रिपुरा, मेघालय, सिक्किम, मणिपुर, लक्षद्वीप, मिजोरम, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह और अरुणाचल प्रदेश हैं।