पहली बार मोर्चे पर थीं महिला कमांडो, किया दो नक्सलियों को ढेर
सुकमा
सुकमा के जंगलों में बुधवार को सुरक्षाबलों और नक्सलियों में मुठभेड़ हो गई और इस दौरान दो वर्दी धारी नक्सली ढेर हो गए, इनमें से एक महिला थी. कहने को तो यह खबर आम लगे लेकिन इस खबर की खास बात यह है कि इन नक्सलियों को ढेर करने वालों में महिला कमांडो भी शामिल थीं. नक्सलियों को ढेर करने वाली टीम में दस महिला कमांडो थीं, यह पहला मौका था जब मोर्चे पर महिला कमांडोज ने अपना शौर्य दिखाया. दंतेवाड़ा के पुलिस अधीक्षक अभिषेक पल्लवा ने इस बात की जानकारी देते हुए कहा कि पहली बार महिला कमांडो जिनको दंतेश्वरी लड़ाके नाम दिया गया है, मोर्चे पर थीं.
जानकारी के अनुसार दंतेश्वरी लड़ाके नाम की इस महिला कमांडो की टुकड़ी में 30 महिलाओं की भर्ती की गई है. इस टुकड़ी की एक और खास बात यह है कि इसमें 5 महिलाएं ऐसी भी हैं जो पहले नक्सल थीं और बाद में उन्होंने सरेंडर किया था. ऐसे में क्षेत्र के साथ ही नक्सलियों की पहचान में भी इनकी खासी भूमिका रहेगी. इस टुकड़ी का नेतृत्व डीएसपी दिनेश्वरी नंद कर रही हैं.
इन महिला कमांडोज को विशेष ट्रेनिंग दी गई है. ये नक्सलियों की ओर से लगाए गए आईईडी विस्फोटक निकालने से लेकर नक्सलियों की धरपकड़ तक सभी खतरनाक कामों को अंजाम देंगी. साथ ही इन कमांडोज को मोटरसाइकिल चलाने की भी ट्रेनिंग दी गई है ताकि ऐसे रास्ते जहां पर बड़ी गाड़ी न जा सके वहां पर ये मोटरसाइकिल की मदद से आसानी से पहुंच कर अपने मिशन को अंजाम दे सकें.
bhavtarini.com@gmail.com 
