बिहार की आधी आबादी पिछले सभी रिकार्ड तोड़ने की ओर, तीसरा और अंतिम चरण का मतदान

बिहार की आधी आबादी पिछले सभी रिकार्ड तोड़ने की ओर, तीसरा और अंतिम चरण का मतदान

पटना  
बिहार विधानसभा के लिए तीसरा और अंतिम चरण का मतदान हो रहा है। तीसरे चरण में 15 जिलों की 78 सीटों के लिए वोटिंग हो रही है। लगभग हर जगह महिलाओं की लंबी लंबी कतारें दिख रही हैं। ऐसा लग रहा है जैसे महिलाएं पिछले सभी रिकार्ड इस चरण में ध्वस्त कर देंगी। इससे पहले के दो चरणों में भी महिलाओं ने पुरुषों की तुलना में ज्यादा वोटिंग की थी। दूसरे चरण में जहां पुरुषों ने करीब 50 तो महिलाओं ने 58 प्रतिशत मतदान किया था। कुछ विधानसभा सीटों पर तो यह फासला 17 प्रतिशत तक का था। 

अंतिम चरण के लिए वोट देने पहुंच रही महिलाओं में न सिर्फ युवा हैं बल्कि बुजुर्ग महिलाओं की संख्या भी बहुत ज्यादा है। इस बार कोरोना के कारण निर्वाचन आयोग ने 80 साल से ऊपर के लोगों के लिए पोस्टल बैलेट की व्यवस्था की है। इसके बाद भी काफी संख्या में इस उम्र से ज्यादा की महिलाएं भी मतदान केंद्रों पर पहुंच रही हैं।

लंबी लंबी लाइनों में खड़े होकर इंतजार करने में भी महिलाओं को कोई परहेज नहीं है। यहां तक कि ऐसी महिलाएं भी दिख रही हैं जो खुद से चल भी नहीं सकती हैं। मुजफ्फरपुर में 81 साल की महिला अपने दो पोतों के सहारे मोटर साइकिल से वोट देने पहुंचीं। उनका कहना है कि वोट देना जरूरी है। हर चुनाव में वोट देती रही हैं इसलिए इस बार भी कैसे वोट नहीं देंगी। किशनगंज विधानसभा के प्रताप मध्य विद्यालय बूथ संख्या 553 पर वोट देने पहुंची बुजुर्ग ने युवाओं से भी बढ़चढ़कर वोट देने की अपील की।

किशनगंज के ठाकुरगंज में महिलाओं की जबरदस्त भीड़ दिखी। यहां के आदर्श मध्य विद्यालय तुलसिया स्थित आदर्श बूथ पर पहुंचीं महिलाओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। यहां वोट देने पहुंचीं प्रियंका ने कहा कि इसी तरह का बूथ हर जगह बनाना चाहिए। प्रियंका पहली बार वोट देने आई थीं। अररिया में दिव्यांग रामानंद मंडल को उत्क्रमित मध्य विद्यालय जमुवान वोट दिलवाने उनकी दस साल की पोती राजनंदनी लेकर पहुंची। 

बिहार चुनाव के पहले चरण में 28 अक्टूबर को 71 सीटों और दूसरे चरण के तहत 3 नवम्बर को 94 सीटों पर मतदान संपन्न हो चुका है। अब तीसरे और अंतिम चरण का मतदान हो रहा है। छह बजे के बाद 243 सदस्यीय बिहार विधानसभा की सभी सीटों पर चुनाव लड़ने वाले प्रतिनिधियों की किस्मत भी ईवीएम में कैद हो जाएगी। तीसरे चरण में 2 करोड़ 35 लाख 54 हजार 71 मतदाता हैं। इस चरण के चुनाव को लेकर शुक्रवार की शाम से ही सुरक्षाबल और मतदानकर्मी बूथों पर पहुंच गए थे।

विधानसभाध्यक्ष के अलावा 11 मंत्री भी मैदान में  
इस चरण में विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार चौधरी के अलावा  सरकार के 11 मंत्रियों -विजेन्द्र प्रसाद यादव, महेश्वर हजारी, विनोद नारायण झा, खुर्शीद अहमद, प्रमोद कुमार, लक्ष्मेश्वर राय, बीमा भारती, कृष्ण कुमार ऋषि, नरेन्द्र नारायण यादव, रमेश ऋषिदेव, सुरेश शर्मा सहित 1204 उम्मीदवार मैदान में हैं।

चुनाव प्रचार के लिए दलों ने नहीं छोड़ी कोई कसर
बिहार विधानसभा चुनाव-2020 में प्रचार के लिए दलों ने कोई कसर नहीं छोड़ी। जनसभाओं के साथ ही रोड शो भी हुए। एनडीए के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी 12 सभाएं की। वहीं जदयू ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की एनडीए उम्मीदवारों के पक्ष में प्रचार के लिए जनसंवाद भी किए। उधर, महागठबंधन उम्मीदवारों के पक्ष में प्रचार के लिए कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने आठ सभाएं कीं। जबकि नेता विपक्ष व राजद के तेजस्वी प्रसाद यादव ने सर्वाधिक 263 जनसभाएं कीं। एनडीए और महागठबंधन दोनों के नेताओं ने अधिक से अधिक प्रचार के लिए उड़नखटोलों की भी मदद ली।