ब्राजील जेल में हिंसा: 57 कैदियों की मौत, 16 का सिर धड़ से अलग किया

ब्राजील जेल में हिंसा: 57 कैदियों की मौत, 16 का सिर धड़ से अलग किया

रियो डि जिनेरियो
 उत्तर ब्राजील की अल्टामिरा जेल में संगठित अपराध समूहों के बीच संघर्ष में कैदियों ने 57 कैदियों की हत्या कर दी। इनमें से 16 कैदियों के सिर धड़ से अलग कर दिया गया। पैरा स्टेट जेल के अधिकारियों ने घटना की पुष्टि की। ब्राजील की जेल में गैंगवार की घटनाएं आम हैं, लेकिन एक साथ 57 कैदियों की बेरहमी से हत्या ने स्थानीय मीडिया में तूल पकड़ लिया है।

2 गुटों के बीच हिंसक झड़प
रियो डि जिनेरियो के कोमांडो वर्मेलो और स्थानीय आपराधिक समूह कोमांडो क्लासे ए के बीच सुबह 7 बजे संघर्ष शुरू हो गया। बयान में बताया गया है कि (कोमांडो क्लासे ए) के सदस्यों ने जेल के उस सेल में आग लगा दी जहां (कोमांडो वर्मेलो) के सदस्यों को रखा गया था। राज्य जेलों के प्रमुख जारबस वास्कोनसेलोस ने कहा कि कैदियों को पुरानी कंटेनर इकाइयों रखा गया था और उसमें आग तेजी से फैल गई। इस इकाइयों को जेल जैसा बनाया गया था जबकि एक अन्य इमारत निर्माणाधीन है।

अपराधियों ने 16 का सिर किया धड़ से अलग
अधिकारी ने बताया कि आग के कारण पुलिस कई घंटों तक इमारत में नहीं घुस पाई। जेल प्रशासन के अनुसार, इमारत में आग लगने के कारण सुरक्षा बल अंदर प्रवेश नहीं कर सके। कैदियों के एक गुट ने दूसरे गुट के 16 अपराधियों का सिर धड़ से अलग कर दिया। जेल में मौजूद 2 अधिकारियों को भी कैदियों ने बंधक बना लिया था, लेकिन उन्हें छुड़ा लिया गया।