राहुल गांधी को प्रधानमंत्री के रूप में देखना चाहते हैं देशवासी: सिद्धू

राहुल गांधी को प्रधानमंत्री के रूप में देखना चाहते हैं देशवासी: सिद्धू

अमृतसर
पंजाब के स्थानीय निकाय मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू ने शनिवार को कहा कि देशवासी कांग्रेस अध्यक्ष  राहुल गांधी को अगले प्रधानमंत्री के तौर पर देखना चाहते हैं। सिद्धू ने अमृतसर से कांग्रेस के लोकसभा उम्मीदवार गुरजीत सिंह ओजला से भेंट कर मतदान की रणनीति पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि ओजला को टिकट मिलना कांग्रेसी कार्यकर्ताओं का सम्मान है। अगर कार्यकर्ता खुश हैं तो ही कोई पार्टी मज़बूत हो सकती है। सिद्धू ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार के कार्यकाल के दौरान देश में जहाँ अल्पसंख्यकों में भय का माहौल है वहीं मोदी सरकार की नीतियों के कारण नौजवानों, किसान, मज़दूर और व्यापारियों का बुरा हाल है। उन्होंने कहा कि बिना किसी ठोस नीति के लागू की नोटबन्दी के कारण जहाँ आम देश निवासियों को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ा वहीं छोटे कारोबारियों और व्यापारियों और जटिल वस्तु एवं सेवा कर के बुरे प्रभावों के कारण ज़्यादातर कारोबार खत्म हो गए या घाटे में चले गए हैं क्योंकि एक छोटे व्यापारी को महीनों की संख्या से ज़्यादा बार टैक्स भरना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की नाकामी और जुमलेबाजी से तंग देशवासी केंद्र में राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस की सरकार बनाने का मन बना बैठे हैं।