रेत उत्खनन के खोदे गए गड्‌ढे में डूबने से 10 साल के बच्चे की मौत

रेत उत्खनन  के खोदे गए गड्‌ढे में डूबने से 10 साल के बच्चे की मौत

बिलासपुर
 अरपा नदी में अवैध रेत उत्खनन ने गुरुवार दोपहर को स्कूल से लौट रहे एक बच्चे की जान ले ली। स्कूल से लौटते समय बच्चा अपने जुड़वा भाई के साथ नहाने के लिए चला गया था। सिम्स के पीछे अरपा में पानी कम था, लेकिन इस दौरान बच्चा उत्खनन के लिए खोदे गए गड्‌ढे में फंस गया। उसे डूबता देख दूसरे भाई ने शोर भी मचाया, लेकिन आसपास बचाने वाला कोई नहीं था। जब तक घर से परिजन और अन्य लोग पहुंचे बच्चे की मौत हो चुकी थी।

    गोड़पारा दयानंद स्कूल, चंदनबाड़ा निवासी रमेश श्रीवास्तव व उनकी पत्नी शारदा रोजी मजदूरी करते हैं। गुरुवार को दोनों काम पर गए हुए थे। उनके बच्चे कोमल (15) और 10 साल के जुड़वा बच्चे लव व कुश तीनों सुबह 7 बजे घर से स्कूल जाने के लिए निकल गए थे। तीनों में कुश सबसे छोटा था। दोपहर को 12 बजे लव व कुश स्कूल से घर आए तब कोई नहीं था। दोनों बैग रखकर बाहर खेलने निकल गए। खेलते खेलते सड़क पार कर दूसरी ओर नदी में चले गए। इसमें पानी काफी कम है पर एक जगह जहां पर रेत निकालने के लिए खोदा गया है वहां पानी भरा हुआ है।

    बच्चों को इसकी गहराई का पता नहीं चला। कुश इसमें नहाने उतर गया। उसे तैरना नहीं आता था। वह डूबने लगा। बाहर खड़े लव ने देखा तो शोर मचाना शुरू किया पर आसपास कोई नहीं था। वह भागते घर की ओर आया। मोहल्ले के लोगों को बताया। कुछ लोग कुश को बचाने नदी की ओर भागे पर तब तक वह डूब चुका था। गड्ढे में उतरकर लोगों ने उसकी खोजबीन की। करीब 10 मिनट बाद नीचे मिल गया फिर बाहर निकालकर सिम्स लाया गया। यहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।