विधायक रामपुकार सिंह बने प्रोटेम स्पीकर

विधायक रामपुकार सिंह बने प्रोटेम स्पीकर

रायपुर
 आठवीं बार विधायक चुने गए रामपुकार सिंह छत्तीसगढ़ विधानसभा के प्रोटेम स्पीकर बनाए गए हैं। राजभवन ने शनिवार को इसका आदेश जारी कर दिया है। गुरुवार 3 जनवरी को सुबह 10 बजे राजभवन में राज्यपाल आनंदी बेन पटेल उन्हें शपथ दिलाएंगीं।

प्रोटेम स्पीकर 4 जनवरी से शुरू हो रही पांचवीं विधानसभा के सत्र के पहले दिन नवनिर्वाचित सदस्यों को शपथ दिलाएंगे। सत्र के पहले ही दिन अध्यक्ष का भी चुनाव होगा।

1977 में पहली बार चुने गए विधायक

रामपुकार सिंह पहली बार वर्ष 1977 में निर्वाचन क्षेत्र पत्थलगांव से कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में निर्वाचित हुए। इसके बाद 1980, 1985, 1993 और 1998 में अविभाजित मध्यप्रदेश विधानसभा के लिए लगातार चुने गए। छत्तीसगढ़ बनने के बाद वे 2000 से 2003 तक पहली विधानसभा के सदस्य रहे । 2003 और 2008 में भी विधायक चुने गए। 2018 में पंचम विधानसभा के लिए पुनः पत्थलगांव निर्वाचन क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में निर्वाचित हुए हैं।

महंत होंगे विधानसभा अध्यक्ष, सिंह उपाध्यक्ष

सक्ती विधानसभा क्षेत्र से चुने गए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डॉ. चरणदास महंत विधानसभा अध्यक्ष बनाए जा सकते हैं। पार्टी सूत्रों के अनुसार कांग्रेस आला कमान ने उनके नाम को हरी झंडी दे दी है। वहीं, प्रोटेम स्पीकर बनाए गए रामपुकार सिंह को विधानसभा का उपाध्यक्ष बनाए जाने की संभावना है। अध्यक्ष व उपाध्यक्ष का चुनाव विधानसभा में चार जनवरी को ही होगा।