स्कूल में बंद रह गया बच्चा, छटपटाहट में हुआ बुरा हाल, जानें कैसे निकला बाहर

जमशेदपुर
पूर्वी सिंहभूम जिले के आसनबनी स्थित कोकदा उत्क्रमित मध्य विद्यालय में शुक्रवार को एक छात्र क्लास में ही बंद रह गया। काफी खोजबीन के बाद जब परिजन स्कूल पहुंचे तो बच्चा अपनी क्लास में बंद मिला।
जानकारी के अनुसार, आठवीं कक्षा का उक्त छात्र शुक्रवार को निर्धारित समय पर सुबह 8 बजे स्कूल पहुंचा था। छुट्टी होने से कुछ समय पहले चक्कर आने के कारण क्लास में ही सो गया।
दोपहर 2 बजे जब छुट्टी हुई तो सभी बच्चे कक्षा से निकल गए, जबकि वह सोता ही रहा। सभी बच्चों के निकलने के बाद सीनियर बच्चों ने एक-एक करके सभी क्लास में ताले लगाए और घर चले गए।
करीब दो घंटे बाद भी जब बच्चा घर नही पहुंचा तो परिजन उसे खोजते हुए स्कूल पहुंचे। ताला खोलने पर बच्चा अपनी कक्षा में अचेत अवस्था मे पड़ा मिला। बाद में उसे इलाज के लिए टाटा मोटर्स हॉस्टिपल में भर्ती कराया गया।
फिलहाल उसकी स्थिति ठीक है। इस संबंध में स्कूल प्रबंधन और शिक्षा विभाग से बात करने का प्रयास किया गया, पर किसी ने कॉल रिसीव नहीं की।