आयशा की सुसाइड पर मौलाना की अपील- निकाह में दहेज मांगना हराम, खत्म करो इसे
नई दिल्ली
गुजरात में कथित दहेज उत्पीड़न के चलते हाल ही में आयशा नाम की महिला के साबरमती नदी में कूदकर आत्महत्या करने की घटना पर ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड के वरिष्ठ सदस्य मौलाना खालिद रशीद फरंगीमहली ने चिंता जाहिर की। मौलाना राशीद ने गुरुवार को बयान जारी कर कहा कि आयशा आरिफ खान ने साबरमती नदी में कूदकर जिस तरह खुदकुशी की, उसने पूरे मुस्लिम समाज को चिंता में डाल दिया है।
मौलाना ने मुसलमानों से अपील की है कि वो निकाह में दहेज लेना बंद करें। मौलाना ने बताया कि निकाह जैसे नेक काम के दौरान दहेज की जो मांग की जाती है वह हराम है। दुर्भाग्य से यह परंपरा कुछ परिवारों में आज भी चल रही है। उन्होंने मुस्लिम समाज से भी अपील की कि तमाम लोग यह वादा करें कि वह अपने बच्चों की शादियों में न तो दहेज लेंगे और न ही देंगे, तभी समाज में कायम इस बुराई से निजात मिलेगी।
बता दें कि कथित तौर पर दहेज उत्पीड़न परेशान आयशा का सुसाइड से पहले का एक वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसमें अपनी बातों को बताती हुईं नजर आ रही है। बताया जा रहा है कि आयशा का ये वीडियो सुसाइड से ठीक पहले का है।
दूसरी ओर आयशा की मौत के मामले में उसके और उसके शौहर के बीच बातचीत की आखिरी कॉल रिकॉर्डिंग सामने आई है, जिसमें हैरान करने वाला खुलासा हुआ है। आयाशा की मौत की जांच कर रही पुलिस को फोन से 70 मिनट की एक ऑडियो रिकॉर्डिंग मिली है, जिसमें आयशा से उसका पति आरिफ कहता सुनाई देता है- मर जाओ और मुझे अपनी मौत का वीडियो भेज देना।
bhavtarini.com@gmail.com 
