इंदौर के नामी रिसोर्ट में एक ही परिवार के चार सदस्यों की रहस्यमय ढंग से मौत
इंदौर
मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) की व्यावसायिक राजधानी कहे जाने वाले इंदौर (Indore) में दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. यहां के एक नामी रिसोर्ट (Resort) में रहस्यमय हालत में एक ही परिवार के चार लोगों के शव (Dead Body) मिलने से सनसनी फैल गई है. इसकी सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और उसने मामले की जांच शुरू कर दी.
इंदौर के लसूड़िया थाना इलाके की एक पॉश कॉलोनी में 45 साल के अभिषेक सक्सेना अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ रहते हैं. एक दिन पहले ही अभिषेक ने शहर के एक नामी रिसोर्ट में दो दिन के लिए कमरा बुक कराया था. बुधवार को ये पूरा परिवार हंसी-खुशी यहां पहुंचा था. गुरुवार को जब परिवार का कोई सदस्य रिसोर्ट के कमरे से बाहर नहीं निकला तो यहां का प्रबंधन सक्रिय हो गया. काफी कोशिशों के बाद भी जब अंदर से दरवाजा नहीं खोला गया तो मास्टर चाबी (Master key) का इस्तेमाल कर कमरे का दरवाजा खोला गया. कमरे के अंदर का नजारा देखकर रिसोर्ट के कर्मचारियों के होश फाख़्ता हो गए. कमरे के अंदर अभिषेक उनकी पत्नी और दोनों जुड़वा बच्चों (twins) के शव दिखाए दिए.
रिसोर्ट प्रबंधन ने आनन-फानन में पुलिस को इसकी सूचना दी. पुलिस और उसके साथ पहुंची एफएसएल (Forensic Science Laboratory,FSL) टीम ने बारीकी से घटनास्थल का मुआयना किया. प्रथम दृष्टया ये आशंका जताई जा रही है कि इन चारों की मौत किसी जहरीले पदार्थ को खाने से हुई है. बहरहाल, पुलिस ने चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
पुलिस के मुताबिक अभिषेक एक निजी कंपनी में काम करता था और लसूड़िया की पॉश टाउनशिप में किराए के मकान में अपनी पत्नी, 2 बच्चों व 86 वर्षीय मां के साथ रहता था. अन्य रिश्तेदार दिल्ली में रहते हैं जिन्हें घटना की सूचना दे दी गई है. परिवार के सदस्यों के इंदौर पहुंचने के बाद ही शवों का पोस्टमार्टम किया जाएगा. सक्सेना परिवार के अड़ोस-पड़ोस में रहने वालों का कहना है कि इस परिवार का ज्यादा लोगों से मेलजोल नहीं था और सोसाइटी में होने वाले कार्यक्रमों में भी वे शिरकत नहीं करते थे.
bhavtarini.com@gmail.com 
