कांग्रेस नेता के भाई के घर से मिली अवैध शराब

कांग्रेस नेता के भाई के घर से मिली अवैध शराब

नागदा
 वैश्विक महामारी कोरोना के संक्रमण काल में लोगों की जान बचाने के लिए सरकार द्वारा घोषित लॉकडाउन में सबकुछ बंद है। लॉकडाउन के पालन के लिए देश के प्रधानमंत्री से लेकर सूबे के मुख्यमंत्री तक लगातार अपील कर आमजन को सचेत कर रहे है, लेकिन अवैध शराब का धंधा करने वालों पर लॉकडाउन की परवाह किए बिना मनमाने दाम पर धड़ल्ले से शराब बेच रहे है। महामारी के दौर में अवैध शराब का यह काला धंधा गांव-गांव गली-गली में आबकारी विभाग के नाक के नीचे बैखोफ हो रहा है, लेकिन पता नहीं क्यों विभाग के अधिकारियों ने आंखों पर काली पट्टी बांध रखी है। मजबूरन पुलिस को अवैध कारोबारियों के खिलाफ मुिहम चलाकर शराब पकडऩे की कार्रवाई करनी पड़ रही है। पिछले 24 घंटे में क्षेत्र मे ऐसे दो मामले सामने आए है, जिसमें नागदा और खाचरौद पुलिस ने कार्रवाई कर भारी मात्रा में अवैध शराब का जखीरा बरामद किया है।

कांग्रेस नेता के भाई के घर से मिला शराब का जखीरा
खाचरौद थाना प्रभारी केके. द्विवेदी ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर खाचरौद पुलिस ने ग्राम बुरानाबाद निवासी 35 वर्षीय शांतिलाल पिता दयाराम सोलंकी के घर पर दबिश दी। इस दौरान पुलिस को 14 पेटी देशी अवैध शराब की पेटी मिली है। बरामद शराब की कीमत करीब 42 हजार रुपए आंकी जा रही है। बता दे कि पुलिस ने जिस आरोपी के घर से शराब का अवैध जखीरा बरामद किया है वह प्रदेश कांग्रेस कमेटी सदस्य अनोखीलाल सोलंकी का भाई है। आरोपी पूर्व में भी कई बार अवैध शराब बिक्री करते धरा चुका है। खाचरौद पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आबकारी एक्ट 34/2 के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर लिया है।

खेत में छुपा कर रखी थी अवैध शराब
नागदा मंडी पुलिस ने भी गुरुवार को बोरखेड़ा निवासी अंतरसिंह नामक युवक के खेत से अवैध देशी शराब की दो पेटी बरामद की है। आरोपी ने यह शराब गेहूं के भूसे में छुपा कर रखी हुई थी। थाना प्रभारी श्यामचंद्र शर्मा ने बताया कि 6 मई की रात को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बोरखेड़ा पित्रामल के रास्ते पर अवैध शराब परिवहन की जा रही है। रात करीब 11 बजे पुलिस मौके पर पहुंची तो वहां संदिग्ध हालत में स्कार्पियों गाड़ी खड़ी थी। हालांकि पुलिस के पहुंचने के पहले ही स्कार्पियों चालक वाहन लेकर फरार हो गया। पुलिस ने उसका काफी दूर तक पीछा भी किया लेकिन रात के अंधेरे में वह भागने में कामयाब हो गया। इसी दौरान पुलिस को मौके से ग्राम बोरखेड़ा निवासी अंतरसिंह पिता भगवानसिंह 26 वर्षीय युवक को पकड़ा। दबिश के दौरान युवक संदिग्ध वाहन की रैकी कर रहा था। युवक पहले तो पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी ने पुलिस को अवैध शराब बिक्री में अपनी संलग्नता का स्वीकार कर लिया और आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने उसके खेत पर रखी दो पेटी अवैध शराब की जब्त करने में सफलता अर्जित की। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ 34 आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।

आरोपी के तार गुजरात से भी जुड़े
थाना प्रभारी श्यामचंद्र शर्मा ने बताया पूछताछ में आरोपी के तार गुजरात से जुड़े होने की भी जानकारी लगी है। आरोपी अंतरसिंह ने पुलिस को बताया है कि लॉकडाउन के पूर्व वह नागदा से अवैध शराब की पेटियां ट्रेनों में रखकर गुजरात के अहमदाबाद पहुंचाता था। लॉकडाउन के कारण ट्रेनों की आवाजाही बंद होने के कारण वह स्थानीय स्तर पर ही शराब की तस्करी कर रहा था। आरोपी ने पुलिस को उसके साथ काम करने वाले तीन लोगों के नाम भी बताए है। तीनों के घर पर पुलिस ने दबिश भी दी लेकिन पुलिस को कोई सफलता हाथ नहीं लगी। पुलिस अब इन तीनों लोगों की तलाश कर रही है, साथ ही गुजरात मामले में भी पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।