दो लाख का इनामी नक्सली गिरफ्तार

दो लाख का इनामी नक्सली गिरफ्तार

दंतेवाड़ा
 छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में सीआरपीएफ जवानों ने शुक्रवार को तीन साल से फरार चल रहे एक नक्सली को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए नक्सली पर दो लाख रुपए का इनाम है। वह वर्ष 2016 में जिला अस्पताल से पुलिस को चकमा देकर भाग निकला था। सीआरपीएफ जवानों ने सर्चिंग के दौरान नक्सली को बड़े गुडरा के कनकीपारा जंगलों से पकड़ा। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है। दंतेवाड़ा एसपी डॉ. अभिषेक पल्लव ने उसकी गिरफ्तारी की पुष्टि की है।
नक्सलियों से हुई मुठभेड़ के दौरान घायल हालत में पकड़ा था

    जानकारी के मुताबिक, साल 2016 में पुलिस-नक्सली मुठभेड़ के दौरान घायल हालत में पांडू को पकड़ा गया था। पुलिस ने पांडू को जिला अस्पताल में भर्ती किया था, लेकिन इलाज के दौरान वह पुलिसकर्मियों को चकमा देकर भाग निकला था। नक्सली के फरारी के बाद तीन पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया था। पुलिस ने नक्सली की गिरफ्तारी पर दो लाख रूपए का इनाम घोषित किया था। तीन साल बाद अब जाकर पुलिस को सफलता हाथ लगी है।

    सीआरपीएफ के जवान शुक्रवार को सर्चिंग पर निकले थे। इसी दौरान बड़े गुडरा के कनकीपारा जंगलों से उसे गिरफ्तार किया गया है। सीआरपीएफ जवानों को इस इलाके में पांडु की संदिग्ध गतिविधियों के बारे में जानकारी मिली थी। पुलिस के मुताबिक पांडु प्लाटून नंबर 124 का सदस्य है और मैलावाड़ा विस्फोट सहित कई अपराधों में नामजद है। पांडु की पुलिस लंबे समय से तलाश कर रही थी।