मुख्यमंत्री के देशद्रोही कहे जाने के खिलाफ गिरफ्तारी देंगे दिग्विजय सिंह

भोपाल
मुख्यमंत्री के द्वारा देशद्रोही कहे जाने पर 26 जुलाई को राजधानी के टीटी नगर थाने में दिग्विजय सिंह के गिरफ्तारी देने की घोषणा से सियासत गरमा गई है. बीजेपी ने दिग्विजय सिंह के आधिकारिक कार्यक्रम को आधार बनाकर आरोप लगाया है कि दिग्विजय सिंह गिरफ्तारी के नाम पर नौटंकी करने आ रहे हैं. दिग्विजय सिंह जिस दिन भोपाल में गिरफ्तारी देंगे उसी दिन उनका ट्रेन से झांसी जाने का कार्यक्रम है.दरअसल सीएम शिवराज सिंह चौहान की ओर से देशद्रोही कहे जाने पर पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने 26 जुलाई को भोपाल के टीटी नगर थाने में गिरफ्तारी देने का ऐलान किया है.दिग्विजय सिंह के तय कार्यक्रम के मुताबिक वह 26 जुलाई को 12 बजे गिरफ्तारी देंगे और उसी दिन रात को साढ़े नौ बजे राजधानी एक्सप्रेस से झांसी के लिए रवाना होंगे.

दिग्विजय सिंह के इस कार्यक्रम को लेकर बीजेपी ने सवाल उठाए हैं. बीजेपी के मुताबिक दिग्विजय सिंह की यह कैसी गिरफ्तारी है कि उन्होंने पहले से ही झांसी का टिकट ले रखा है.वहीं कांग्रेस ने बीजेपी के इन आरोपों पर जवाब देते हुए कहा है कि दिग्विजय सिंह अपने सभी कार्यक्रम रद्द करने को तैयार हैं बशर्ते सरकार उन्हें गिरफ्तार करे.आपको बता दें कि दिग्विजय सिंह के साथ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ और नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह भी गिरफ्तारी देने टीटी नगर थाने पहुंचेंगे.