वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व सांसद सुंदर लाल तिवारी नहीं रहे, दिल का दौरा पड़ने से निधन

वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व सांसद सुंदर लाल तिवारी नहीं रहे, दिल का दौरा पड़ने से निधन

भोपाल
रीवा के पूर्व विधायक, पूर्व सांसद, एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुंदरलाल तिवारी का दिल का दौड़ा पडऩे से निधन हो गया है। उन्हें आज यानि 11 मार्च 2019 को सुबह सीने में दर्द हुआ और संजय गांधी चिकित्सालय में उपचार के लिए भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों ने मौत की पुष्टि कर दी है।

उनके निधन से विंध्य क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। वे पूर्व विधानसभा अध्यक्ष श्रीनिवास तिवारी के बेटे हैं। वे मप्र विधानसभा के सदस्य भी रहे हैं। वे रीवा लोकसभा से एक बार सांसद और गुढ़ विधानसभा से 2013 में विधायक भी रह चुके हैं।

इससे पहले वर्ष 2018 में ही सुंदरलाल तिवारी के पिता व्हाइट टाइगर नाम से विख्यात पूर्व विधानसभा अध्यक्ष श्रीनिवास तिवारी का भी 93 वर्ष की उम्र में निधन हो गया था।

बयानों को लेकर रहे खास चर्चा में...
इससे पहले सुंदरलाल तिवारी ने मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव 2018 में सियासी बयानबाजी के दौरान राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) को आतंकी संगठन करार दे दिया था।

हालांकि सुंदरलाल तिवारी के इस विवादित बयान से कांग्रेस ने पल्ला झाड़ लिया। उस समय कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ने कहा कि आरएसएस ऐसी संस्था होती तो हम प्रतिबंध लगाने की बात करते।

जानकारों के अनुसार सुंदरलाल तिवारी विंध्य की राजनीति का केंद्र रीवा संसदीय सीट पर ब्राह्मण चेहरों में से एक थे।