सपाक्स का घोषणा पत्र जारी : आर्थिक आधार पर आरक्षण का वादा
भोपाल
सपाक्स पार्टी विधानसभा चुनाव के बाद अब लोकसभा चुनाव के लिए भी तैयार है. भोपाल में उसने गुरुवार को अपना घोषणा पत्र जारी किया. इसमें उसने आर्थिक आधार पर आरक्षण का अपना वादा दोहराया है.
कांग्रेस और बीजेपी के बाद अब सपाक्स पार्टी ने भी अपना घोषणा पत्र जारी कर दिया है. वो 6 मुख्य मुद्दों के साथ चुनाव मैदान में उतर रही है. लेकिन सबसे बड़ा वादा आरक्षण का है. सवर्ण समाज को इंसाफ दिलाने के मुद्दे पर बनी इस पार्टी ने पढ़ाई और नौकरी में सबको समान अवसर देने और जातिगत आधार पर आरक्षण खत्म कर आर्थिक पर आरक्षण देने का जनता से वादा किया है.
सपाक्स ने विधान सभा चुनाव के बाद अब लोकसभा चुनाव में भी एट्रोसिटी एक्ट का मुद्दा ज़ोरशोर से उठाया है. पदोन्नति में आरक्षण खत्म करने की बात भी सपाक्स ने की है. स्टूडेंट्स और व्यापारी वर्ग पर सपाक्स ने खास फोकस किया है. छात्राओं और युवाओं की समस्याओं के निपटारे के लिए छात्र एवं युवा कल्याण आयोग और व्यापारियों को साधने के लिए व्यापारी संवर्धन आयोग बनाने की बात सपाक्स ने की है.
सपाक्स के घोषणा पत्र में हमेशा राजनीति के सेंटर पॉइंट में रहने वाले किसानों के लिए किसान कल्याण आयोग का गठन,फसलों का नुकसान होने पर 25 हजार रुपए मुआवजा,गेहूं, मक्का, चना, दाल मटर, तेल के सही दाम मिलने का वादा सपाक्स ने किया है. सपाक्स ने भ्रष्टाचार के मुद्दे को भी अपने घोषणा पत्र में जगह दी है. उसने भ्रष्टाचार मुक्त सिस्टम बनाने की बात की है.सपाक्स ने बड़ी पार्टियों के पैसे बांटने की योजनाओं पर निशाना साधा और उसे मध्यम वर्ग की जेब पर बोझ बताया.
एट्रोसिटी एक्ट के मुद्दे पर बनी सपाक्स मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव लड़ी थी. लोकसभा चुनाव में वो 10 राज्यों में अपने प्रत्याशी उतार रही है. एमपी में अब तक वो 4 सीटों पर अपने प्रत्याशियों के नाम का ऐलान कर चुकी है.
bhavtarini.com@gmail.com 