नैनपुर में एक ही परिवार के 3 सदस्य कोरोना पॉजिटिव, जिले में अब 4 एक्टिव प्रकरण
आगामी आदेश तक नैनपुर बाजार बंद
Syed Javed Ali
मण्डला - नैनपुर के वार्ड क्रमांक 4 में पति (उम्र 32 वर्ष), पत्नि (उम्र 29 वर्ष) और पुत्र (उम्र 10 वर्ष) सहित एक ही परिवार के 3 सदस्य कोरोना पॉजीटिव पाए गए हैं। यह परिवार 6 जुलाई को मुंबई से ट्रेन द्वारा चलकर 7 जुलाई को जबलपुर पहुंचा जहाँ से टैक्सी के माध्यम से नैनपुर मंडला पहुंचा था जिनके 10 जुलाई को कोरोना जांच के लिए सैंपल लिये गये थे जिनकी रिपोर्ट 14 जुलाई को पॉजिटिव प्राप्त हुई है। परिवार को नैनपुर आते ही होम क्वारेंटाईन कर दिया गया था। जिले में अब कोरोना के 4 एक्टिव प्रकरण हो गए हैं।
परिवार के 3 सदस्यों की कोरोना रिपोर्ट पॉजीटिव प्राप्त होते ही कलेक्टर हर्षिका सिंह, पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला, सीएमएचओ डॉ. श्रीनाथ सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी नैनपुर पहुंच गए हैं। प्रशासन द्वारा क्षेत्र में शासन के दिशा-निर्देशानुसार जरूरी इंतजाम सुनिश्चित किए जा रहे हैं। कलेक्टर ने स्वास्थ्य अधिकारियों को परिवार के संपर्क में आए व्यक्तियों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं कोरोना जांच कराने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने जिलेवासियों से कोरोना से बचाव के लिए सुरक्षा के मानकों का पालन करने और सावधानी बरतने की अपील की है।
सख्ती से कराएं कोरोना से बचने संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन कराने अधिकारियों की बैठक में कलेक्टर ने दिए निर्देश -
नैनपुर में कोरोना के 3 नए प्रकरण सामने आने के पश्चात कलेक्टर हर्षिका सिंह एवं पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला ने नैनपुर थाने में अनुविभाग स्तरीय अधिकारियों की बैठक लेते हुए निर्देशित किया कि कोरोना संक्रमण से बचने के लिए शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन कराया जाए। बैठक में एसडीएम शिवाली सिंह, नगर निरीक्षक आरएन दुबे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि कार्यपालन यंत्री लोक निर्माण विभाग को निर्देशित किया कि कंटेनमेंट क्षेत्र में शासन के दिशा-निर्देशों के अनुसार बेरीकेटिंग आदि की व्यवस्था करें। कोरोना वायरस की श्रृंखला को तोड़ने के लिए तत्काल प्रभाव से आगामी आदेश तक नैनपुर के सभी बाजार बंद रखे जाएं। उन्होंने अनुविभागीय अधिकारी राजस्व को निर्देशित किया कि वे जरूरी सामग्रियों की आपूर्ति सुनिश्चित कराने व्यवस्था बनाएं। नगरपालिका अधिकारी को निर्देशित किया कि कंटेनमेंट ऐरिया सहित क्षेत्र को सेनिटाईज किया जाए। साथ ही लोगों से घरों में ही रहने, मॉस्क लगाने तथा सोशल डिस्टेसिंग का पालन कराने के लिए लगातार अनाउंसमेंट भी कराया जाए। पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला ने संक्रमित क्षेत्र में आवागमन को पूर्णतः प्रतिबंधित करने तथा सुरक्षा के संबंध में समुचित कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्देशित किया कि अनावश्यक रूप से घरों से बाहर निकलने वाले व्यक्तियों के विरूद्ध सख्त कार्यवाही की जाए।