6 साल के बच्चे को डंपर ने कुचला, लोगों ने ड्राइवर को पीटा
रायगढ़
सरिया में गुरुवार की सुबह सड़क हादसे में स्कूल जा रहे 6 साल के मासूम की मौत हो गई। एक युवक अपने बेटे और भतीजे को स्कूल छोड़ने जा रहा था इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार डंपर ने इन्हें ठोकर मारी। घटना के बाद गुस्साए लोगों ने पहले डंपर ड्राइवर को बुरी तरह से पीटा फिर लगभग चार घंटे तक सड़क पर ट्रैफिक रोककर प्रदर्शन किया। दरअसल चंद्रपुर में महानदी पर बने पुल के मेंटनेंस के कारण रायगढ़ से सारंगढ़ की ओर जाने वाले भारी वाहनों को पुसौर-सरिया मार्ग पर डायवर्ट किया गया है।
ड्राइवर को सौपने की मांग कर रहे थे ग्रामीण, पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया
ओमप्रकाश प्रधान अपने 6 साल के बेटे विनय प्रधान और भतीजे को स्कूल छोड़ने जा रहे थे। वे ज्यों ही अपनी गली से मुख्य मार्ग पर पहुंचे पीछे से आ रही डंपर ने उन्हें ठोकर मार दी। मासूम की डंपर की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई और जबकि उसके पिता और चचेरा भाई दूर जा गिरे। घटना के बाद स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए और सड़क पर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। डंपर का ड्राइवर गिट्टी लेकर रामगढ़ यूपी निवासी जावेद अख्तर रायगढ़ से रायपुर जा रहा था। ड्राइवर को पुलिस ने किसी तरह पकड़कर अस्पताल पहुंचाया।
bhavtarini.com@gmail.com 